राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलने के आरोपों के बाद केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया है। स्मृति ने ट्वीट करके कहा कि राहुल गांधी इतने भयभीत हैं कि उन्हें यह भी नहीं दिख रहा है कि अमेठी के कोरवा इलाके में भारत और रूस के बीच एक संयुक्त उद्यम की शुरूआत की गई है जो सशस्त्र बलों के लिए AK-203 राइफल का निर्माण करेगा।
दरअसल, राहुल ने ट्वीट किया था:
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेठी में आयुध कारखाने का उद्घाटन किये जाने के एक दिन बाद सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने झूठ बोला है क्योंकि वह अपने संसदीय क्षेत्र में आयुध कारखाने का उद्घाटन 2010 में ही कर चुके हैं।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर झूठ बोलने और अमेठी में आयुध कारखाने की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वहां निर्मित राइफल को 'मेड इन अमेठी' के रूप में जाना जाएगा।
इसके एक दिन बाद ही राहुल गांधी ने ट्वीट कर के प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया, जिसके जवाब में केंद्रीय मंत्री समृति ईरानी ने ट्वीट की बौछार कर के राहुल पर हमला बोला। स्मृति ने कहा कि राहुल अमेठी का विकास देख कर इतना डरे हुए हैं कि उन्होंने यह देखने की तकलीफ नहीं उठाई कि कोरवा में मोदी जी द्वारा JV का उद्घाटन किया गया है, जिसके तहत भारत और रूस के बीच AK 203 राइफ़ल के निर्माण का समझौता हुआ है।
स्मृति ईरानी ने अपने ट्वीट में राहुल गांधी से पूछा कि लगे हाथ आज देश को बता दें कि कैसे आपने तो उस संस्थान का भी शिलान्यास किया जिसका आप ही के एक नेता ने लगभग 2 दशक पहले शिलान्यास किया था।
उन्होंने एक फोटो शेयर करते हुए सवाल किया कि फोटो को ध्यान से देखें इसमें आप 2007 के शिलान्यास में उपस्थित हैं लेकिन आज सुबह कह रहे हैं 2010 में किया। अब यह बताएँ यह 2007 है या 2010?
केंद्रीय मंत्री ने राहुल को ताना मारते हुए कहा कि आपने अमेठी के बारे में इतना झूठ बोला है कि शिलान्यास कब किया और सत्यानाश कब यह आपको याद नहीं रहता।