शिवसेना ने गोवा की दोनों लोकसभा सीटों से उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। शिवसेना नेता संजय राउत ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गोवा प्रदेश अध्यक्ष जितेश कामत को उत्तर गोवा से जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष राखी प्रभुदेसाई नाइक को दक्षिण गोवा से लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है।
गोवा की दोनों लोकसभा सीटों पर भाजपा ने 2014 में जीत दर्ज की थी। श्रीपद येसो नाइक उत्तर और नरेंद्र केशव सवीकार दक्षिण गोवा से चुनाव जीते थे। राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 1,060,777 है जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 5,32,469 जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 5,28,308 है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान चुनाव आयोग कर चुका है। देशभर में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में मतदान होना है। वहीं गोवा में 23 अप्रैल को एक चरण में राज्य की दोनों सीटों पर मतदान होगा।