पश्चिम बंगाल में भले ही कांग्रेस टीएमसी के खिलाफ लड़ रही हो और दिल्ली में आम आदमी पार्टी कांग्रेस के खिलाफ, लेकिन प्रमुख विपक्षी दलों ने चुनाव पूर्व गठबंधन कर एक साझा कार्यक्रम बनाने का फैसला किया है।
बता दें कि बुधवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी की रैली में ये तमाम नेता पहुंचे थे। इसके बाद रात को शरद पवार के आवास पर अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी सहित सभी बड़े नेता जुटे। बैठक में हिस्सा लेने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे।
माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव 2019 से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्ष संभावित महागठबंधन पर मंथन कर रहा है। ममता भी आज कह चुकी हैं कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस, वामदल सभी को मिलकर लड़ना चाहिए।
इससे पहले ममता बनर्जी ने भी कोलकाता में विपक्ष की एक बड़ी रैली आयोजित की थी जिसमें विपक्ष के सभी बड़े नेता पहुंचे थे। हालांकि, राहुल गांधी इसमें नहीं पहुंचे लेकिन इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा गया था। चुनाव से ऐन पहले विपक्ष ने भाजपा के खिलाफ नया मोर्चा बनाने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा दिया है। उत्तर प्रदेश में सपा और बसपा पहले ही गठबंधन का एलान कर चुके हैं।