असम के डिब्रूगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सिर्फ एक चायवाला ही चायवालों का दर्द समझ सकता है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें चौकीदार से नफरत है। उन्हें चायवालों से भी दिक्कत है। मैं सोचता था कि उन्हें बस एक 'चायवाले' से दिक्कत है, लेकिन जब मैं देश भर में घूमा तो पता लगा कि पश्चिम बंगाल हो या असम, वे चाय से जुड़े लोगों को देखना ही नहीं चाहते।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके विश्वास के कारण ही मैं देश के, असम के गरीब, वंचित, पीड़ित आदिवासी बहन-भाइयों के जीवन को बदलने का प्रयास कर पाया हूं। आजादी के 70 साल बाद भी असम के केवल 40 फीसदी घरों में बिजली पहुंची थी, लेकिन आज लगभग हर घर तक बिजली पहुंच गयी है। ये सब आपके आशीर्वाद से ही संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि असम के 27 लाख परिवारों को हर वर्ष पांच लाख तक का मुफ्त इलाज, करीब 50 लाख मुद्रा लोन देकर लाखों युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना आपके साथ के कारण हुआ है। असम के पांच लाख गरीबों को पक्के घर देना, पांच लाख तक की आय को टैक्स फ्री करना, असम की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा हो या घुसपैठियों को बाहर करना हो, सब आपके आशीर्वाद से हो पाया है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि असम के लाखों श्रमिकों, चौकीदारों, ड्राइविंग का काम करने वालों, घरों में काम करने वालों, खेतों और बागानों में काम करने वालों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद तीन हजार रुपये की नियमित पेंशन का प्रावधान भी आपके विश्वास के कारण ही कर पाया हूं।
'कांग्रेस की नींद उड़ गई है, आप तय करें दमदार सरकार चाहिए या दागदार'
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने पहली बार आतंकियों के घर में घुसकर मारा, लेकिन कांग्रेस परेशान है। भारत के साथ पूरी दुनिया खड़ी हो गई, लेकिन कांग्रेस की नींद उड़ गई। आप सब इन बातों से खुश हैं, लेकिन दो जगहों में खुशी नहीं है। उसमें एक जगह है कांग्रेस का परिवार और दूसरा आतंकियों का घर-बार। 11 अप्रैल को जब आप कमल के फूल के सामने वाला बटन दबाएंगे तो इन्हीं दो जगहों पर सन्नाटा छाने वाला है।
लटकाने और भटकाने में तो कांग्रेस को मास्टरी हासिल है। भारत ने अंतरिक्ष में अपनी क्षमताओं को विस्तार दिया है। अंतरिक्ष में जाकर जीवंत सैटेलाइक को मारने वाला भारत आज चौथा देश बन गया है। आपको इस बात से खुशी होगी, लेकिन कांग्रेसियों की आंखों में आंसू हैं। कांग्रेस ने ऐसी सरकार चलाई है, जिसने भारत जैसे विराट देश की पहचान एक पीड़ित देश की बना दी थी। ये चाय वाला, आपके जीवन को आसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अब आपको तय करना है, दमदार सरकार चाहिए या फिर दागदार सरकार!
रैली असम के गोहपुर में भी
डिब्रूगढ़ के बाद पीएम गोहपुर पहुंचे। यहां भी उन्होंने चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम ने रैली में आए लोगों से पूछा- मैं एक चौकीदार हूं, मैं एक चौकीदार हूं...आप भी हैं न?