पहली बार मोगा आएंगे मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह
मोगावासियों के लिए यह रैली इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि 2017 में सूबे के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद पहली बार अमरिंदर सिंह यहां आ रहे हैं। इस रैली में मुख्यमंत्री के अलावा पंजाब के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और दूसरे पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में कहा है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे जवानों की शहादत को अपनी सरकार की असफलता छिपाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान पाकिस्तान के कब्जे में थे तो प्रधानमंत्री बयान दे रहे थे कि एक पायलट प्रोजेक्ट पूरा हो गया है, असली अभी बाकी है। क्या राष्ट्र के प्रधानमंत्री की जुबान से यह बात शोभा देती है?
शहीद सीआरपीएफ जवान के नाम पर होगा मुख्य पंडाल का नाम
कांग्रेस, पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए राहुल गांधी की रैली के मुख्य पंडाल का नाम सीआरपीएफ के हेड कॉन्सटेबल जयमल सिंह के नाम पर रख रही है। जयमल सिंह मोगा के ही धरमकोट के गलोटी खुर्द गांव के रहने वाले थे और 14 फरवरी को जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद हो गए थे। पुलवामा हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इसके बाद 26 फरवरी को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के मुख्य ठिकाने को तबाह कर दिया। जवाबी हमले से बौखलाए पाकिस्तान ने 27 फरवरी को भारतीय वायुक्षेत्र में घुसपैठ की जिसमें जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान एफ-16 को मार गिराया। लेकिन, जवाबी कार्रवाई में विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान पाकिस्तान की गिरफ्त में आ गए जिन्हें पाकिस्तान ने एक मार्च को भारत के सुपुर्द किया।