प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज अमेठी दौरे के दौरान अपने लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल का जवाब दे दिया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगी, इस पर प्रियंका ने कहा कि मैंने अभी फैसला नहीं किया है। अगर पार्टी मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहेंगी तो मैं निश्चित तौर पर लड़ूंगी। मेरी इच्छा है कि मैं पार्टी के लिए काम करूं।
इस दौरान प्रियंका ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को भी घेरा। सीएम योगी के इस बयान पर कि राहुल गांधी और प्रियंका को मंदिरों की याद चुनाव के वक्त ही आती है, कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उन्हें कैसे पता कि मैं कहां जाती हूं और कब? उन्हें कैसे पता चला कि मैं चुनाव न होने पर मंदिर नहीं जाती?
बता दें कि 23 जनवरी 2019 को प्रियंका वाड्रा की राजनीति में औपचारिक प्रवेश की घोषणा की गई थी। उन्हें कांग्रेस महासचिव का पद देने के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई। इसके बाद से ही प्रियंका का यूपी दौरा लगातार जारी है। वह अब तक कई जिलों का दौरा कर चुकी हैं।
प्रियंका के कर्नाटक में भी चुनाव प्रचार करने की संभावना है। प्रदेश में पहली बार वर्ष 1999 में बेल्लारी में चुनाव प्रचार किया था, जब उनकी मां सोनिया गांधी ने वहां से अपना पहला चुनाव भाजपा की सुषमा स्वराज के खिलाफ लड़ा था।