भाजपा की संकल्प पत्र समिति की बैठक
- फोटो : ANI
लोकसभा चुनाव के एलान के बाद भाजपा घोषणापत्र की तैयारियों में जुट गई है। इस मसले पर घोषणापत्र समिति की एक बैठक बुलाई गई। बैठक की अध्यक्षता गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने की। इसे संकल्प पत्र समिति बैठक का नाम दिया गया है।
भाजपा ने पहले ही 'भारत के मन की बात, मोदी के साथ' नाम से एक अभियान शुरू कर रखा है जिसके तहत देश भर में 10 करोड़ मतदाताओं से सुझाव इकट्ठे करने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि उन सुझावों को ध्यान में रखकर संकल्प पत्र को अंतिम रूप दिया जा सके।
सोमवार को भी राजनाथ सिंह के घर घोषणापत्र को लेकर एक बैठक हुई थी जिसमें रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, घोषणापत्र समिति के सदस्य शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप पुरी, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त, समेत कई भाजपा नेता शामिल रहे।
इस बैठक में कई किसान नेता भी शामिल रहे जिन्होंने अपनी बात घोषणापत्र समिति के सामने रखी। इन मांगों में मुख्य तौर पर किसानों के लिए पेंशन योजना शुरू करने की मांग रही जिसे संकल्प पत्र में शामिल करने को लेकर राजनाथ सिंह ने हामी भरी।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भाजपा अपने संकल्प पत्र में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा शामिल करने वाली नहीं। आप नेता गोपाल राय के मुताबिक मनोज तिवारी ने कहा है कि ये वादा संकल्प पत्र का हिस्सा नहीं होगा।