मीडिया को संबोधित करते राहुल गांधी
- फोटो : ANI
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस जहां वापसी की उम्मीद कर रही थी वहीं उसे इसके उलट जनादेश मिलता हुआ दिख रहा है। अब तक के रुझानों में कांग्रेस की हालत काफी खस्ता नजर आ रही है। वह 100 सीटों के आंकड़े तक को नहीं छू पाई है। पिछले लोसकभा चुनाव के दौरान वह 44 सीटों पर ठहर गई थी। इस बार भी उसी से मिलती-जुलती स्थिति लग रही है।
इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि राहुल कांगेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उन्होंने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में वह इस्तीफा देंगे। यदि ऐसा होता है तो इसका साफ मतलब यही है कि हार की जिम्मेदारी उन्होंने अपने ऊपर ले ली है।
हालांकि बाद में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राहुल के इस्तीफे की खबरों का खंडन कर दिया। राहुल से जब हार की जिम्मेदारी तय करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'यह मेरे और मेरी पार्टी के बीच में है। यह मेरे और कांग्रेस कार्यसमिति के बीच है।'
हार के बाद उन्होंने जनादेश को स्वीकारते हुए प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कहा, 'मैं हार की 100 फीसदी जिम्मेदारी लेता हूं। नरेंद्र मोदी जी को बधाई देना चाहता हूं, मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूं। दो अलग-अलग सोच हैं, एक नरेंद्र मोदी की, दूसरी कांग्रेस की। चुनाव में नरेंद्र मोदी जीते हैं इसलिए मै उन्हें बधाई देता हूं। कांग्रेस नेता जो जीते हैं या हारे हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि डरने की जरूरत नहीं है। विश्वास खोने की जरूरत नहीं है।'