फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी हलचल: चुनाव आयोग ने नोटिस का जवाब देने के लिए राहुल गांधी को दी राहत

Fri, 03 May 2019 10:02 PM IST
Nilesh Kumar चुनाव डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
अमर उजाला पर पढ़िए चुनाव से जुड़ी हर खबर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

चार चरणों के चुनाव के बाद देश की 70 फीसदी लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। अब पांचवे चरण के चुनाव में महज तीन दिन शेष रह गए हैं। छह मई को होने वाले मतदान से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।

03 मई: दिनभर की चुनावी हलचल का अपडेट-- 

विज्ञापन

-चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाराणसी में चुनावी भाषण के दौरान उनके द्वारा यह कहे जाने पर कि नए भारत ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया, के मामले में भी क्लीनचिट दिया। वहीं, चुनाव आयोग ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 22 अप्रैल को नादिया के कृष्णानगर में दिए भाषण पर भी क्लीन चिट दी। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने अमित शाह पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया था।   

-चुनाव आयोग ने राहुल गांधी की अपील को स्वीकार कर लिया जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश के शहडोल में दिए भाषण पर नोटिस का जवाब देने के लिए 7 मई तक का समय मांगा था।
विज्ञापन


-कांग्रेस के 6 सर्जिकल स्ट्राइक के दावे पर प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया दी है। जिसके बाद कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा कि वो बस चुनाव जीतना चाहते हैं। हमने कभी श्रेय नहीं लिया। चाहे वो एयरस्ट्राइक हो या बांग्लादेश युद्ध। सेनाओं को श्रेय मिलना चाहिए। ये हमारे जवानों का अपमान है। 
राजस्थान की एक रैली में पीएम ने कहा था- एसी कमरों में बैठकर कागज में सर्जिकल स्ट्राइक कांग्रेस ही कर सकती है। पहले उन्होंने कहा कि हमने 3 बार सर्जिकल स्ट्राइक की, कल कहा कि हमने 6 बार की। अब कुछ दिन में कह देंगे कि हमने हर रोज स्ट्राइक की।

-सोनाक्षी सिन्हा ने अपनी मां और समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार पूनम सिन्हा के लिए लखनऊ में किया चुनाव प्रचार।
 



-भाजपा नेता पीयूष गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अमेठी और रायबरेली की जनता को गरीबी में रखकर कांग्रेस ने दशकों तक वहां की जनता के साथ धोखा किया है।

-उत्तर-पश्चिम दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार हंस राज हंस ने मुस्लिम धर्म अपनाने के आम आदमी पार्टी के आरोपों पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा, "झूठे आदमी ने फिर झूठ बोला। गंदगी की परिभाषा को उजागर करने वाली शख्सियत को देखना है तो वो केजरीवाल है। मानहानि का केस करेंगे और एससी-एसटी कानून के तहत कार्रवाई कराएंगे।" 

-राजस्थान के सीकर में पीएम मोदी: अब कांग्रेस कह रही है कि उसने छह सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। ये कैसा स्ट्राइक था जिसके बारे में आतंकियों को पता ही नहीं चला, पाकिस्तान को पता नहीं चला, भारतीयों को भी पता नहीं चला। पहले उन्होंने मजाक उड़ाया, फिर विरोध किया और अब कह रहे हैं..मैं भी, मैं भी। 
 
-दिल्ली के गांधीनगर से आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल बाजपेयी ने विजय गोयल की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। 
 

-योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा-बसपा ने अमेठी और रायबरेली में किसी उम्मीदवार का एलान नहीं किया है। ये सभी पार्टियां 'वोटकटवा' की भूमिका निभा रही हैं। वो सिर्फ वोट काटने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं, जीतने के लिए नहीं।

-मध्यप्रदेश के रीवा में राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि वो भूलकर भी रोजगार का नाम नहीं लेते। रीवा में 12 हजार छोटे कारोबार बंद हो गए।

-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'बाबर की औलाद' बयान के लिए चुनाव आयोग के नोटिस पर कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "वो एक मुख्यमंत्री हैं। कुछ जिम्मेदारी के साथ बातचीत करनी चाहिए। आप भूल जाते हैं कि आप भगवा कपड़ों में हैं। निंदनीय!"

-राजस्थान के करौली में बोले पीएम मोदी: आतंक और आतंकियों से निपटने के कांग्रेसी तरीके और भाजपा के तरीके की तुलना नहीं हो सकती। याद करिए, कांग्रेस कहती थी कि 'हर एक आतंकी हमले को रोकना मुमकिन नहीं है।' सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और आतंकवादियों के मंसूबों पर ये तीसरी बड़ी स्ट्राइक हुई है। अब आप बताइए पाकिस्तान की हेकड़ी निकली है या नहीं।"

-रायबरेली में प्रियंका गांधी वाड्रा: आज यूपी में किसान की क्या स्थिति है? अपने आप को देश के चौकीदार कहने वाले, इन्होंने किसानों को खेत में बैठा दिया है चौकीदारी करने। बस वादे पे वादा। झूठ बोला जा रहा है। बस प्रचार हो रहा है और सच्चाई अलग है। 

-फैनी तूफान की वजह से खराब हुए मौसम के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड में होने वाली तीनों जनसभाएं रद्द कर दी हैं।

-बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने साध्वी प्रज्ञा और गिरिराज सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि हम कहते हैं कि ये भाषाई आतंकवाद है। अगर साध्वी प्रज्ञा बोलती हैं जिस तरह से, एक हत्या के सिलसिले में उनको कारावास हो चुका है और बीमारी के नाम पे उनको जमानत दी गई है और वो चुनाव लड़ रही हैं। फिर गिरिराज सिंह भी कुछ बोलते हैं इसी ढंग से जो उनके अनुसार नहीं चलेगा उनको पाकिस्तान भेज दिया जाएगा। तो कहने का मतलब ये सब भी आतंकवाद का पार्ट हैं।

-पी चिदंबरम के बेटे और लोकसभा उम्मीदवार कार्ति चिदंबरम के विदेश जा सकने की अर्जी पर, सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते सुनवाई करेगा।

-तेजप्रताप यादव ने बिहार के जहानाबाद में कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव एक दिन दर्जन भर रैली और जनसभाएं कर लेते थे, लेकिन आज कल के नेता दो-चार जनसभा में ही बम बोल जाते हैं/ थक जाते हैं। 

-पूर्वी तटों पर शुरू हुए चक्रवाती तूफान फैनी का असर पश्चिम बंगाल में भी पड़ रहा है। इस वजह से आज और कल होने वाली ममता बनर्जी का चुनावी रैलियां रद्द कर दी गई हैं।

-चुनाव आयोग की नोटिस के बाद योगी आदित्यनाथ को आज अपना जवाब दाखिल करना है। उन पर आरोप है कि 19 अप्रैल को संभल में चुनावी रैली के दौरान उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार को बाबर की औलाद कह दिया था, जिसको लेकर गुरुवार को आयोग ने उन्हें नोटिस जारी किया था। 

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान दौरे पर हैं। वह राजस्थान के धौलपुर, सीकर और बीकानेर में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

-सीपीआईएम नेता सीताराम येचुरी ने कहा है कि हिंसा होने पर धर्म को आधार नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा, रामायण और महाभारत में भी हिंसा और युद्ध हुए थे, लेकिन आज दावा किया जा रहा है कि हिंदू हिंसक नहीं हो सकते। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें