महासंग्राम में बदल चुके लोकसभा चुनाव 2019 के माहौल के बीच पहले चरण के मतदान शुरू होने में बस कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी चुनावी मिशन में तेजी से लगे हुए हैं। राज्यों में भी विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की गतिविधियों तेज हो गई हैं। यहां आपको मिलेगा दिनभर की चुनावी हलचल का अपडेट-
-नांदेड़ रैली में बोले मोदी, कांग्रेस के नामदार ने माइक्रोस्कोप लेकर भारत में एक ऐसी सीट खोजी है जहां पर वो मुकाबला करने की ताकत रख सके। सीट भी ऐसी जहां पर देश की मेजोरिटी माइनोरिटी में है।
- मुंबईः भाजपा नेता सुरेश नखुआ ने कांग्रेस के टिकट पर उत्तर मुंबई से चुनाव लड़ रहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है। सुरेश नखुआ ने उर्मिला पर एक टीवी शो में 'हिंदू धर्म को दुनिया में सबसे हिंसक धर्म' कहकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी शिकायत में कांग्रेस अध्यक्ष और एक पत्रकार के नाम का भी उल्लेख किया है।
-आंध्र प्रदेश: विशाखापतनम सीट से जन सेना के उम्मीदवार जेडी लक्ष्मीनारायण ने बॉन्ड पेपर पर घोषणापत्र जारी किया। कहा- अगर वादे पूरे नहीं कर पाया तो वोटर मुझे कोर्ट में घसीट सकते हैं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का गांधीनगर में रोड शो। अमित शाह इस बार भाजपा की परंपरागत सीट गांधीनगर से उम्मीदवार हैं। इस सीट से अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी सरीखे नेता चुनाव लड़ चुके हैं।
-ओडिशा के बालासोर में भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान का रोड शो।
-प्रियंका गांधी वाड्रा का उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में रोड शो।
-पूर्व सेना उप प्रमुख ले. जनरल (रिटायर्ड) शरत चंद्र, सुषमा स्वराज की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए।
-हरिद्वार में बोले राहुल गांधी, नरेंद्र मोदी जी हिंदू धर्म की बात करते हैं। हिंदू धर्म में सबसे जरूरी चीज गुरू होता है। आडवाणी जी नरेंद्र मोदी के गुरू हैं। आडवाणी जी की हालत देखी है आपने? आडवाणी जी को स्टेज से ......उतार दिया गया।
-बलोद रैली में पीएम मोदी: कांग्रेस और दूसरी पार्टियां लोगों का पैसा लूटने के लिए चुनाव लड़ रही है। हम एक एक रुपये का सही इस्तेमाल करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वे सुरक्षाबलों को कमजोर करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। हम उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
-भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 24 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसके अलावा ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए दो और छिंदवाड़ा व निघासन उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम का किया एलान।
-पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण के विरोध में चुनाव आयोग को पत्र लिखा।
-
सोनिया गांधी: आज हमें देशप्रेम की नई परिभाषा सिखाई जा रही है। जिन्हें विभन्नता के बारे में नहीं पता है उन्हें देशप्रेमी बताया जा रहा है। हमसे उम्मीद की जा रही है कि खानपान पहनावा और अभिव्यक्ति की आजादी के मामले में कुछ लोगों की मनमानी हम बर्दाश्त करें।
-कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। शत्रुघ्न सिन्हा को पटना साहिब से मिला टिकट।
-आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा- आजकल घोषणापत्र तमाशा बन गए हैं। लेकिन हमारा विजन साफ है। हमने कई वादे निभाए हैं।
-कन्नौज से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने नामांकन भरा। इस दौरान अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, जया बच्चन और बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा रहे मौजूद।
-कन्नौज से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव ने नामांकन भरने से पहले कहा, सपा-बसपा गठबंधन के चलते जीत का अंतर बड़ा होगा। भाजपा ने वादे पूरे नहीं किए और अब लोगों का ध्यान भटका रही है। भाजपा सुरक्षाबलों का इस्तेमाल कर रही है।
-ओडिशा के सोनेपुर में पीएम मोदी ने रैली में कहा- ये चुनाव तय करेगा कि हिंदुस्तान के हीरो मजबूत होंगे या फिर पाकिस्तान के पक्षकार मजबूत होंगे। ये चुनाव तय करेगा कि हमारे जवानों, किसानों और नौजवानों को सम्मान मिलेगा या फिर टुकड़े टुकड़े करने वालों की आवाज गूंजेगी।
-असम के होजई में बोले योगी आदित्यनाथ, जब चीन ने भारत में जबरन घुसने का प्रयास किया, हमारी सुरक्षा को खतरा पहुंचाया, तब मोदी जी के नेतृत्व में सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई। हमारे जवानों ने चीन को करारा जवाब दिया।
-लखनऊ से राजनाथ सिंह के खिलाफ पत्नी पूनम के चुनाव लड़ने के सवाल पर बोले शत्रुघ्न सिन्हा, कुछ भी हो सकता है।
-शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल हुए। रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में हुए शामिल। इस दौरान शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा- भाजपा के स्थापना दिवस पर भारी मन से पार्टी छोड़ रहा हूं। सुरजेवाला ने कहा- मुश्किल घड़ी में उन्होंने सच बोला है। खुले मन से अपनी बात रखी है। शत्रुघ्न सिन्हा जी ने कांग्रेस की विचारधारा के साथ जुड़ने का निर्णय किया है। कांग्रेस परिवार में आपका स्वागत करते हैं।
-ओडिशा के सुंदरगढ़ में पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने सुना है कि पहली बार कोई पीएम सुंदरगढ़ आया है, मैं कहना चाहता हूं कि आज भी कोई पीएम नहीं, बल्कि प्रधानसेवक आपके बीच आया है। प्रधानसेवक अपने मालिकों से आशीर्वाद लेने आया है।
-दिल्ली में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन तय हो गया है। एबीपी न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से कांग्रेस तीन सीटों पर, जबकि 'आप' चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का अहमदाबाद में रोड शो। वह भाजपा की पारंपरिक सीट गांधीनगर से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
-दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित और पीसी चाको कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी संग गठबंधन और उम्मीदवारों के चयन को लेकर यह बैठक अहम मानी जा रही है।
-केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। पर्चा दाखिल करने से पहले उन्होंने कहा कि आज नवरात्रि का पहला दिन है। मां जगदंबा का मुझपर आशीर्वाद है और जीत का भरोसा 200 फीसदी है।
-डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा कि उन्होंने अबतक 30 लोकसभा क्षेत्रों का दौरा किया है। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य में के. पलेनीस्वामी की सरकार से उकता चुकी है, परेशान हो चुकी है। जनता ऐसी सरकारों पर फुलस्टॉप लगाना चाहती है।
-कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी
प्रियंका गांधी आज फतेहपुर में रोड शो करेंगी।
- कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा
भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वह 28 मार्च को ही कांग्रेस में शामिल होने वाले थे, लेकिन बिहार में महागठबंधन में सीटों को लेकर फंसे पेच के बीच मामला अटक गया। सिन्हा ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बताया था कि वह छह अप्रैल को कांग्रेस में शामिल होंगे। सिन्हा ने कहा था कि जल्द ही कांग्रेस में शामिल होने जा रहा हूं, नवरात्र के बाद अच्छी खबर मिलेगी।
-समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव समाजवादी पार्टी से कन्नौज लोकसभा सीट से प्रत्याशी हैं। डिंपल यादव शनिवार छह अप्रैल को शक्ति प्रदर्शन के बाद नामांकन करेंगी।
पढ़ें पूरी खबर
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र दौरे पर हैं। ओडिशा के सुंदरगढ़ और सोनपुर में वह क्रमश: सुबह 11 बजे और दोपहर एक बजे रैली करेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ के बालोद में दोपहर बाद 03:45 बजे और महाराष्ट्र के नांदेड़ में शाम सात बजे उनकी जनसभा आयोजित है।
-कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड दौरे पर हैं। यहां उनकी तीन रैलियां होंगी। पौरी में सुबह 11 बजे, अल्मोड़ा में दोपहर 01:30 बजे, जबकि हरिद्वार में वह दोपहर बाद 03:30 बजे वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज गुजरात में हैं। सुबह करीब 10 बजे गुजरात के अहमदाबाद में और शाम तीन बजे साबरमती में वह जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे।