तीन चरणों पर पूरे हुए मतदान के बाद देश की 56 फीसदी लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है। अब चौथे चरण के लिए सोमवार को यानी कल मतदान होना है। प्रचार थमने के बाद नेता डोर टू डोर कैंपेन में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
- पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार आतिशी ने रिटर्निंग ऑफिसर को चिट्ठी लिख भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया।
-अमेठी में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कहा, मुझे खुशी है कि श्रीमती वाड्रा गिन रही हैं कि मैं कितनी बार अमेठी आई हूं। शायद वह इसलिए गिन रही हैं क्योंकि वह जनता से कहने में नाकाम हैं कि यहां के सांसद 15 साल से कहां गायब रहे।
-भाजपा ने कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव के लिए दो उम्मीदवारों और गोवा के लिए एक उम्मीदवार का नाम जारी किया। पणजी से सिद्धार्थ कुणकेलिंकर को टिकट दिया गया है। कर्नाटक के चिंचोली से अविनाश यादव और कुंडगोल से एस आई चिक्कानगोडकर को टिकट दिया गया।
-अमेठी: केंद्रीय मंत्री व भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी पूरबद्वारा गांव के खेतों में लगी आग के दौरान वहां पहुंची, इस तरह की मदद, ग्रामीणों को दिया दिलासा।
-दिग्विजय सिंह का बयान: मैं कन्हैया कुमार का समर्थक हूं, मैंने अपनी पार्टी में भी कहा कि राजद ने बहुत बड़ी गलती की है, मैंने कोशिश की बात करने की कि ये सीट सीपीआई को देनी चाहिए। मुझे इस बात की खुशी है कि वह 8 और 9 को प्रचार करने भोपाल आ रहा है।
-भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय का बयान: अगर ममता बनर्जी बनी रहीं तो इस्लामिक स्टेट कभी भी प. बंगाल में प्रवेश कर सकता है। ये जम्मू-कश्मीर की तरह बन जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी तुष्टिकरण की सियासत ने आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने वालों को यहां आधार मुहैया कराया है।
-ओडिशा: बीजद ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर भाजपा की ओर से कॉल के जरिए प्रचार पर रोक लगाने की मांग की।
लोकसभा चुनाव 2019 में विपक्ष ईवीएम को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है। उसने इस सबंध में चुनाव आयोग से शिकायतें भी की हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने चुनाव आयोग पर भी आरोप लगाया। सिब्बल ने कहा कि जहां दलित-अल्पसंख्यक वोट हैं वहीं ईवीएम खराब होती हैं।
-भाजपा सांसद राजवीर सिंह के बयान पर कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी की प्रतिक्रिया, क्या हमें हैरत होनी चाहिए कि भाजपा का ये स्तर है जब पीएम ही संसद में महिला के बारे में बात करते हुए उन्हें सूर्पणखा कह सकते हैं, भाजपा की यही सोच है। देश की महिलाएं ये देख रही हैं।
-बहराइच में प्रियंका गांधी वाड्रा का बयान, आज भी मुझे पीएम मोदी की जाति नहीं मालूम। विपक्ष और कांग्रेस सिर्फ विकास के मुद्दों को उठा रहे हैं। हमने उनके खिलाफ कोई निजी टिप्पणी नहीं की है।
-महाराष्ट्र में दिव्यांगों के लिए मतदान की खास व्यवस्था की गई है।
-प. बंगाल: बोलपुर में ईवीएम केंद्र पर मौजूद मतदानकर्मी, 29 अप्रैल को 8 सीटों पर होना है मतदान।
-अमेठी में प्रियंका गांधी वाड्रा: जिस तरह से वे (भाजपा) चुनाव लड़ रहे हैं, पैसा देकर, साड़ी-जूते बांटकर, वो गलत है। अमेठी के लोगों ने किसी के सामने कभी कुछ मांगा नहीं है। मैं यहां 12 साल की उम्र से आ रही हूं। अमेठी और रायबरेली के लोगों में स्वाभिमान है।
- दो वोटर आईडी रखने के आप उम्मीदवार आतिशी के आरोपों पर गौतम गंभीर ने कहा, जब आपके पास विजन नहीं होता और साढ़े चार साल में कुछ नहीं किया हो तो आप इस तरह के आरोप लगाते हैं। इस पर चुनाव आयोग फैसला लेगा। जब विजन ना हो तो इस तरह की नकारात्मक राजनीति होती है।
-टीएमसी ने जाधवपुर से भाजपा उम्मीदवार अनुपम हाजरा के लिए रेस्लर खली के प्रचार करने पर चुनाव आयोग से शिकायत की। टीएमसी ने कहा कि खली के पास अमेरिका की नागरिकता है। एक विदेशी को प्रचार की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए।
-29 अप्रैल को होने वाले मतदान की तैयारियां तेज, छिंदवाड़ा में ईवीएम और वीवीपैट को केंद्रों पर ले जाते मतदानकर्मी।
-यूपी के झांसी में मतदान को लेकर तैयारियां।
-पंजाब: लुधियाना से एक बर्गर बेचने वाला निर्दलीय चुनाव लड़ रहा है। उम्मीदवार ने कहा कि अगर मैं जीत गया तो शिक्षा माफिया से निपटूंगा और गरीबों को अच्छी शिक्षा मुहैया करवाउंगा।
-मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से भाजपा उम्मीदवार बनाई गईं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को लेकर उमा भारती ने बड़ा बयान दिया है। यह पूछे जाने पर कि क्या साध्वी प्रज्ञा मध्यप्रदेश में उमा भारती का स्थान लेने जा रही हैं, उमा ने कहा साध्वी प्रज्ञा ठाकुर महान संत हैं, उनके मुकाबले मैं बहुत साधारण और मूढ़ प्राणी हूं।
-भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने महोबा में कहा, कांग्रेस कह रही है कि शौचालय की बात कर रहे हैं, बड़ा छोटा दिमाग है। राहुल जी अगर तुम्हारी दादी और तुम्हारी अम्मा खेत में लोटा लेके गई होती तो मालूम पड़ जाता। (27 अप्रैल का बयान)
-लोकसभा क्षेत्र गुरदासपुर से भाजपा उम्मीदवार अभिनेता सनी देओल सोमवार को अपना नामांकन करेंगे। इस मौके पर सनी देओल के साथ भाई बॉबी देओल और उनके पिता धर्मेंद्र भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले
रविवार को वह रैली करेंगे।
-भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह बिहार और उत्तर प्रदेश में विशाल जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बिहार के सीतामढ़ी और छपरा में सुबह 11 बजे और दोपहर 12:30 बजे वह रैली करेंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और लखनऊ में शाम चार बजे और छह बजे वह सभाएं करेंगे।
-यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पश्चिम चंपारण, मधुबनी, शिवहर और महाराजगंज में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
-रविवार को प्रियंका गांधी लखीमपुर और मोहम्मदी में रोड शो करेंगी। कांग्रेस प्रत्याशी जितिन प्रसाद के समर्थन में प्रियंका का रोड शो होगा। जतिन प्रसाद धौरहरा से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
-लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में प्रचार का शोर शनिवार को थम गया। नौ राज्यों की 71 सीटों पर 945 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला सोमवार को होने वाले मतदान में होगा। इस चरण में महाराष्ट्र की 17, यूपी व राजस्थान की 13-13, पश्चिम बंगाल की 8, मध्यप्रदेश की 6, बिहार की 5 और झारखंड की 3 सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा जम्मू कश्मीर की अनंतनाग सीट के लिए दूसरे चरण की वोटिंग भी होगी। इस चरण में कुल 12.79 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 7.49 करोड़ पुरुष, 6.06 करोड़ महिलाएं और 4,126 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। ये सभी कुल 1,40,849 पोलिंग बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।