महासंग्राम में बदल चुकी लोकसभा चुनाव 2019 की लड़ाई दिनों दिन दिलचस्प होती जा रही है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां जारी है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी चुनावी मिशन में तेजी से लगे हुए हैं। यहां आपको मिलेगा दिनभर की चुनावी हलचल का अपडेट-
-भाजपा ने गुजरात के मेहसाणा और सूरत से दो उम्मीदवारों और केरल के त्रिशूर से एक उम्मीदवार के नाम का एलान किया।
-बंगलूरू में अमित शाह का रोड शो, बंगलूरू दक्षिण से भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या और भाजपा उपाध्यक्ष तेजस्विनी (दिवंगत नेता अनंत कुमार की पत्नी) और बीएस येदियुरप्पा भी रहे मौजूद।
-बिहार की गया रैली में बोले पीएम मोदी, ये धमाके किसने बंद किए? ये मोदी ने नहीं किया, आपके एक वोट ने किया, ये आपके वोट की ताकत है। अगर कुछ बदला है तो वो है रीत, नीति और नियत। दिल्ली में चौकीदार की सरकार बनी है और परिणाम आपके सामने है।
-बीजू जनता दल ने ओडिशा में लोकसभा चुनाव के लिए 2 और विधानसभा चुनाव के लिए 7 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
-बिहार के जमुई में पीएम मोदी: मैं चाहता हूं कि बिहार के लोग ऐसे लोगों को करारा जवाब दें जो आरक्षण को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं। मोदी हो या कोई और, आरक्षण कोई नहीं हटा सकता। याद कीजिए, कांग्रेस ने संविधान के निर्माता डॉ. बाबा साहब अंबेडकर के साथ कैसा व्यवहार किया। कांग्रेस ने उन्हें हराने के लिए कई षड्यंत्र किए। जरूरी है कि आज का युवा ये सारी चीजें जाने।
-चुनाव आयोग ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को 'आदर्श आचार संहिता को लागू करने में बरती जा रही ढिलाई' को लेकर पत्र लिखा है।
-राहुल गांधी 4 अप्रैल को वायनाड सीट से नामांकन भरेंगे। पार्टी की महासचिव और राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी, राहुल के साथ वायनाड जाएंगी।
-कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की निघासन विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अटल शुक्ला को उम्मीदवार घोषित किया है वहीं गोवा की मंड्रेम सीट पर बाबी बागकर को प्रत्याशी बनाया गया है।
-ओडिशा से चुनावी अभियान शुरू करने वाली बसपा सुप्रीमो मायावती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आक्रामक रही. उनके भाषण में वही ठसक और तेवर दिखे. मै भी चौकीदार अभियान की खिल्ली उड़ाते हुए बोली, ये सभी छोटे बड़े चौकीदार मिलकर कोशिश कर लें तो भी मोदी की यह चौकीदारी वाली नयी नौटंकी उन्हें सत्ता नहीं दिला पाएगी. मायावती की यह पहली चुनावी सभा बतायी जाती है. वह 45 दिन में 100 सभाएं करेंगी.
-कांग्रेस के घोषणापत्र पर हमला करते हुए वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि राहुल गांधी ने खतरनाक वादे किए हैं। कांग्रेस के घोषणापत्र का एजेंडा देश को तोड़ने वाला है। देशद्रोह का कानून हटाने की बात करने वाली कांग्रेस एक वोट की भी हकदार नहीं।
पढ़ें पूरी खबर
-कांग्रेस के घोषणापत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि मैं पूछना चाहता हूं कांग्रेस अध्यक्ष को, जो जवान देश की सीमा पर लड़ रहे हैं, उनको आप बल देना चाहते हो या उनका मनोबल गिराना चाहते हो?
-पूर्व नेवी चीफ एडमिरल एल. रामदास ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर योगी आदित्यनाथ की शिकायत की है। 30 मार्च को योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में रैली के दौरान भारतीय सेना को 'मोदी की सेना' कह दिया था।
-उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस घोषणा पत्र पर कहा- इस चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व का ये झूठ दोबारा बेनकाब होगा और जनता जोरदार जवाब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को देगी। उन्होंने अपने 55 वर्षों की नाकामी को 55 पेज के अपने घोषणा पत्र के माध्यम से व्यक्त किया है।
-दिवंगत भाजपा नेता अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी को भाजपा ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। भाजपा ने उन्हें पार्टी उपाध्यक्ष नियुक्त किया। बता दें कि कर्नाटक की बंगलूरू दक्षिण सीट के लिए भाजपा ने युवा चेहरा तेजस्वी सूर्या को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यहां से अनंत कुमार सांसद थे।
-मध्य प्रदेश के सीएम कमलनाथ ने कहा- हमारा आरएसएस से वैचारिक मतभेद हो सकता है, लेकिन संघ कार्यालय की सुरक्षा घटाए जाने के पक्ष में नहीं हूं। इसलिए अधिकारियों को कार्यालय की सुरक्षा दोबारा बहाल करने का निर्देश दिया है।
-ओडिशा में बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा- जिस तरह से मोदी सरकार ने जीएसटी और नोटबंदी को जल्दबाजी में लागू किया उससे बेरोजगारी बढ़ी है। कांग्रेस बोफोर्स घोटाले में शामिल थी और अब भाजपा राफेल में।
-नेशनल कांफ्रेस नेता उमर अब्दुल्ला ने पट्टन रैली में कहा, मैंने यहां के लोगों से वादा किया है, विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी को बहुमत मिले, हम पब्लिक सेफ्टी एक्ट को कानून के दायरे से बाहर कर देंगे।
-कांग्रेस के घोषणापत्र को महासचिव प्रियंका गांधी ने शानदार बताया है। उन्होंने अपने ट्विटर एकाउंट पर सभी लोगों से घोषणापत्र पढ़ने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया है कि मैं सभी से, खासकर युवाओं और पहली बार वोट देने वालों से कहना चाहती हूं कि वे एक बार जरुर हमारा घोषणापत्र पढ़ें।
https://www.amarujala.com/india-news/congress-nyay-employment-farmers-centric-manifesto-live-updates-for-lok-sabha-election-2019-घोषणा पत्र जारी करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि इसमें एक भी झूठ नहीं हैं। इस घोषणापत्र को
जन-आवाज का नाम दिया गया है और कवर पेज पर लिखा गया है- हम निभाएंगे। घोषणापत्र में आफ्सपा कानून में संशोधन करने की भी बात कही गई है। साथ ही राजद्रोह(धारा 124 ए) खत्म करने की भी बात कही गई है। घोषणापत्र में लिखा है कि इस कानून की प्रासंगिकता खत्म हो गई है और इसका गलत प्रयोग हो रहा है।
पढ़ें पूरी खबर
-मनमोहन सिंह बोले- देश की उम्मीदों को पूरा करने वाला है कांग्रेस का घोषणापत्र
-घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष पी चिदंबरम ने बताया कि इसमें महिलाओं, छोटे कारोबारियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है। जब मुंबई की महिलाओं से सबसे बड़े मुद्दे के बारे में पूछा गया तो जवाब मिला-महिला सुरक्षा। मोदी सरकार के राज में करीब पांच करोड़ नौकरियां गईं।
ओडिशा के कालाहांडी में चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि
-कांग्रेस ने गरीबों को गरीब रखने की साजिश रची। ऐसी साजिश, जिसका पाप ये कभी नहीं धो पाएंगे। हर चुनाव में गरीब, उम्मीदों के साथ इनके साथ जुड़ा, लेकिन चुनाव जीतने के बाद इन दलों ने गरीबों के साथ धोखा किया है।
-मैं विश्वास दिलाता हूं कि ओडिशा में भाजपा सरकार बनने के बाद यहां गरीबों की स्थिति में हम सुधार करके रहेंगे। जो काम 70 साल में नहीं हुए वो हम पांच साल में करेंगे।
-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भालचंद्र मुंगेकर ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो पहले दिन से ही राफेल विमान सौदे की जांच कराएंगे। भालचंद्र कांग्रेस पार्टी की घोषणा पत्र समिति के भी सदस्य हैं। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई, तो पहले दिन से जांच शुरू करेंगे। इसे हमने अपने घोषणा पत्र में भी शामिल किया है।
-सुप्रीम कोर्ट ने पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के केस संबंधित वह अर्जी अनसुनी कर दी, जिसमें पटेल ने नामांकन की समय सीमा खत्म होने से पहले सुनवाई करने का आग्रह किया था। पटेल ने अपील की थी कि शीर्ष अदालत उनकी याचिका पर जल्द से जल्द सुनवाई करे क्योंकि नामांकन भरने की तारीख चार अप्रैल तक ही है। मालूम हो कि गुजरात की निचली अदालत ने 2015 के मेहसाणा दंगे में दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई थी जिसे गुजरात हाई कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। इसके बाद वह चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य साबित हो गए। हाई कोर्ट के फैसले पर रोक लगाने के लिए उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय से गुहार लगाई है।
-झारखंड: पूर्व केंद्रीय मंत्री पर कार्रवाई तय
धनबाद के वर्तमान सांसद और भाजपा प्रत्याशी पीएन सिंह के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भाजपा पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो. रीता वर्मा के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने कार्रवाई करने की बात कही है। धनबाद से चार बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाली प्रो. वर्मा ने कहा था-मोदी जरूरी हैं, पीएन मजबूरी हैं। वर्णवाल ने कहा कि उम्मीदवार पार्टी का होता है न कि व्यक्तिगत। उम्मीदवार का विरोध का मतलब पार्टी का विरोध हुआ। जिसे पार्टी ने प्रत्याशी बना दिया, सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का कर्तव्य है कि मिल-जुल कर उसे जिताएं।
-केंद्रीय मंत्री और बक्सर सांसद अश्विनी कुमार चौबे को आचार संहिता उल्लंघन मामले में स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी है। इस बार भी भाजपा से बक्सर के उम्मीदवार चौबे पर एसडीएम केके उपाध्याय के साथ दुर्व्यवहार मामले में आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया था।
-कर्नाटक के कोप्पल में भाजपा के वरिष्ठ नेता
केएस ईश्वरप्पा ने कुरुबा और अल्पसंख्यक वर्ग से कहा कि कांग्रेस ने आपको केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है, टिकट नहीं दिया। हम आपको टिकट नहीं दे सकते, क्योंकि आपलोग हमपर विश्वास नहीं करते। पहले हम पर विश्वास कीजिए, हमलोग आपको टिकट भी देंगे और अन्य चीजें भी।
-नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनाने की बात कहकर राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह मुश्किल में घिर गए हैं। चुनाव आयोग इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनकी लिखित शिकायत करने वाला है।
पढ़ें पूरी खबर
-बिहार और ओडिशा में पीएम मोदी की रैलियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार और ओडिशा के दौरे पर हैं। पहले चरण के चुनाव से पहले वह संबंधित लोकसभा क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवारों के प्रचार के लिए रैलियां करेंगे। ओडिशा के कालाहांडी में उनकी रैली सुबह 11 बजे होगी। इसके बाद बिहार के जमुई में दोपहर बाद साढ़े तीन बजे और और गया में शाम साढ़े पांच बजे उनकी रैली है।
-कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेंगे। घोषणा पत्र की थीम 'अन्याय से न्याय' की ओर रखी गई है। इस मौके पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
पढ़ें पूरी खबर
-बसपा सुप्रीमो
मायावती मंगलवार से देशव्यापी चुनावी दौरे शुरू करेंगी। दो अप्रैल को ओडि़शा से चुनावी अभियान की शुरूआत करते हुए मायावती भुवनेश्वर के बीजू पटनायक प्ले ग्राउंड में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगी।
-बिहार में राजद नेता
तेजस्वी यादव नवादा, खगड़िया और गया में चुनावी रैलियां करेंगे। नवादा सीट से राजद उम्मीदवार विभा देवी मैदान में हैं। इधर, खगड़िया से मुकेश सहनी की पार्टी के खाते में तो गया 'हम' पार्टी के खाते में है।
-भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह आज तमिलनाडु और कर्नाटक दौरे पर हैं। तमिलनाडु में उनकी तीन रैलियां है, जबकि कर्नाटक में भी एक रैली है। चारों जगहों पर ये रैलियां दोपहर एक बजे से रात आठ बजे के बाद तक चलेंगी।
-शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे महाराष्ट्र के औरंगाबाद में युवाओं से संवाद करेंगे। आदित्य ठाकरे शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे हैं।
-लोकसभा चुनाव 2019 में चौथे चरण के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होगी। इसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जोकि नौ अप्रैल तक चलेगी। 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 12 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।