रविवार को छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर मतदान हुआ। अब तक कुल 482 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। आखिरी चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां भी चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की 15 मई को 24 परगना जिले में पांच रैलियां होनी थी लेकिन चुनाव आयोग ने अनुमति नहीं दी। स्मृति ईरानी को कल आना था। हमने जाधवपुर में कार्यक्रम रखा था, लेकिन आखिरी वक्त पर उसकी अनुमति भी नहीं दी गई।
-प. बंगाल के लिए विशेष पर्यवेक्षक विवेक दुबे ने कहा, 19 मई को सातवें चरण के लिए राज्य में सुरक्षा बलों की 710 कंपनियों की तैनात की जाएंगी।
-इंदौर रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा ने पीएम मोदी को निशाने पर लिया। प्रियंका ने कहा- वह (मोदी) ऐसे डिफेंस एक्सपर्ट हैं कि खुद ही फैसला कर लेते हैं कि कौन प्लेन बनाएगा। वह फैसला करते हैं कि जिसने कभी प्लेन ही नहीं बनाए वो इसे बनाएंगे। वह सोचते हैं कि आसमान में बादल हैं इसलिए विमान रडार पर नहीं आएंगे।
-चुनाव आयोग ने फरीदाबाद के बूथ संख्या 88 पर 19 मई को दोबारा मतदान का आदेश दिया। यहां एक पोलिंग एजेंट को मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
-तेलंगाना विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची जारी। ई वेंकटराम रेड्डी को वारंगल, कोमाटीरेड्डी लक्ष्मी को नालगोंडा और उदय मोहन रेड्डी को रंगा रेड्डी से टिकट दिया गया।
कोलकाता: प. बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी के दफ्तर के बाहर भाजपा का धरना प्रदर्शन, अमित शाह की रैली रद्द किए जाने का विरोध। सुनील देवधर ने कहा- पुलिस, प्रशासन, डीएम रत्नाकर राव टीएमसी के दलाल बन गए हैं।
-बठिंडा में पीएम मोदी: नामदार, तुम अपने मेंटर को डांटने का दिखावा किसलिए करते हो? उन्होंने (सैम पित्रोदा) वही कहा जो कांग्रेस हमेशा से मानती आई है। शर्म तो तुम्हें आनी चाहिए।
-रतलाम में मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ: पांच साल का जवाब नहीं दे सकते, देश की सुरक्षा की बात करेंगे...मोदी जी जब आपने पैंट पायजामा पहनना नहीं सीखा था तब पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जी ने हमारे देश की फौज बनाई थी।
- भाजपा ने कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर कहा कि कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार कुंडागोला में ठहरे हैं और मतदाताओं व नेताओं को पैसों का प्रलोभन दे रहे हैं।
-तेलंगाना राष्ट्र समिति प्रमुख चंद्रशेखर राव ने चेन्नई में डीएमके अध्यक्ष एमके स्तालिन के साथ मुलाकात की।
-मध्यप्रदेश के रतलाम में प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली।
-गोरखपुर में मायावती: पीएम मोदी अपनी जनसभाओं में ये बता रहे हैं कि मुझे विपक्षी दल मिल कर आए दिन नई गाली दे रहे हैं, ये स्वाभाविक है कि किसी भी व्यक्ति को गाली तभी दी जाती है जब वह गाली खाने का काम करता है। श्री मोदी को ध्यान में रखकर चलना चाहिए।
-हिमाचल प्रदेश के सोलन में पीएम मोदी की रैली।
-उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में योगी आदित्यनाथ: सपा की रैलियों में नंदी जाकर पूछ रहे हैं- कसाइयों के मित्र कहां हैं? वो कह रहे हैं कि उन्हें सबक सिखाएंगे। मैंने नंदी बाबा से कहा, चुनाव चल रहे हैं आदर्श आचार संहिता लागू है। फिलहाल इन्हें छोड़ दो, चुनाव के बाद आप अपना काम जारी रखना।
-उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा।
-बंगाल के जॉयनगर में बोेले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह: मुझे आज तीन जगह जाना था लेकिन ममता जी का भतीजा भी एक सीट से लड़ रहा है। इसलिए वो डरी हुई हैं कि उनका भतीजा हार जाएगा। इसलिए उन्होंने हें रैली की अनुमति नहीं दी। मैं यहां जय श्रीराम का नारा लगा रहा हूं। उसके बाद कोलकाता के लिए निकल रहा हूं। हिम्मत है गिरफ्तार करो।
-तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने तमिलनाडु के त्रिची मंदिर में की पूजा-अर्चना।
-रमजान में सुबह 5 बजे मतदान की मांग सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की। कोर्ट ने कहा कि समय तय करना चुनाव आयोग का काम है। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक का समय काफी है।
-मध्यप्रदेश के रतलाम में पीएम मोदी: गरीबों के साथ भद्दा मजाक अब बहुत हुआ। कांग्रेस कहती रही- हुआ तो हुआ। वो मध्यम वर्ग जिसे कांग्रेस लालची कहती है, जिस पर टैक्स बढ़ाने की धमकी देती है, वो कह रहा है, महामिलावटी लोगों, मिडिल क्लास का अपमान बहुत हुआ। वो नौजवान जिनके अधिकार अब कांग्रेस के करीबी लूट रहे हैं, वो कह रहे हैं, भाई-भतीजावाद बहुत हुआ, वंशवाद बहुत हुआ।
-भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक 100 गालियां दी गई हैं। बंगाल में ममता बनर्जी की तानाशाही चल रही है। आज अमित शाह जी की जाधवपुर में रैली थी। हमने उसकी अनुमति के लिए आवेदन 4-5 दिन पहले किया था। पहले वो कह रहे थे कि अनुमति मिल जाएगी। लेकिन कल रात 8.30 बजे बताया की अब अनुमति नहीं देंगे।"
-कमल हासन ने तमिलनाडु के अरवाकुरिची विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करते समय विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, "मैं ये इसलिए नहीं कह रहा कि यहां काफी संख्या में मुसलमान हैं। मैं ये महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने कह रहा हूं। आजाद भारत में पहला आतंकवादी एक हिंदू था। उसका नाम था- नाथूराम गोडसे।"
-बसपा प्रमुख मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। मायावती ने कहा कि पीएम मोदी दलितों पर नकली प्रेम दिखा रहे हैं।
- पश्चिम बंगाल के जाधवपुर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को रोड शो की इजाजत नहीं मिली। भाजपा सूत्रों ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष के हेलीकॉप्टर लैंडिंग की इजाजत राज्य सरकार ने नहीं दी है। आज 12.30 बजे अमित शाह की रैली होने वाली थी।
-आखिरी चरण के लिए कांग्रेस ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। आज प्रियंका गांधी वाड्रा उज्जैन, रतलाम और इंदौर के दौरे पर रहेंगी। वो उज्जैन में महाकाल के दर्शन भी करेंगी।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना जिलों में मिलाकर तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन राज्यों के दौरे पर रहेंगे। वो सुबह 11 बजे मध्यप्रदेश के रतलाम में रैली करें। इसके बाद दोपहर को हिमाचल प्रदेश के सोलन और शाम करीब 5.30 बजे पंजाब के बठिंडा में जनसभा का कार्यक्रम है।