टीएमसी के घोषणापत्र में सीएए और एनआरसी को खत्म करने के जिक्र पर बीजेपी सांसद दिलीप घोष ने कहा, 'सबसे पहले तो आप ऐसा तभी कर पाएंगे जब आपका कोई उम्मीदवार संसद पहुंचे...यह पागलपन है। उन पर कोई विश्वास नहीं करता। उनके हाथ में कुछ नहीं है।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान 'बीजेपी को 150 सीट मिलेगी' पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'इस बयान पर मैं सिर्फ हंसूंगा। इससे ज्यादा इस पर क्या जवाब दिया जा सकता है। मुझे लगता है कि थोड़ा भी इनका जमीन से टच होता तो शायद इनकी बूरी हालत नहीं होती।'
सार्वजनिक सभा में केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कहा, '26 तारीख के बाद राहुल गांधी यहां आएंगे। उन्होंने हर दो दिन में अपने वक्तव्य में इस बात को प्रदर्शित किया है कि वायनाड ही उनका परिवार है। हिंदी में कहावत है कि लोग रंग बदलते हैं लेकिन हमने परिवार बदलते पहली बार देखा है...26 तारीख के बाद जब वह यहां आएंगे तो वह हमें धर्म और जाति में बांटने का दुस्साहस करेंगे।'
भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी हिंदू विरोधी हैं। पॉल ने कहा कि रामनवमी के दौरान राज्य में कई बेवजह के नियम लागू कर दिए जाते हैं। अग्निमित्रा ने कहा कि 'पुलिस राम नवमी अखाड़ा के जुलूस पर बहुत ज्यादा दबाव डाल रही है, जैसे डीजे नहीं बजाया जाएगा, एक तय समय में ही जुलूस निकालना है और चार से ज्यादा वाहनों की मंजूरी नहीं दी गई है। मोहर्रम के दौरान ऐसा कुछ नहीं था। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी हिंदू हैं, लेकिन वह हिंदू विरोधी हैं।'
कांग्रेस ने ओडिशा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस मैनेजमेंट कमेटी का गठन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसकी मंजूरी दी। इस समिति का अध्यक्ष श्री प्रसाद हरिचंदन को बनाया गया है।
केरल के कन्नूर में सार्वजनिक सभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि हमारी सरकार बनी तो गरीबी को समाप्त करेंगे, इंदिरा गांधी ने भी कहा था कि गरीबी को समाप्त करेंगे, राजीव गांधी ने भी कहा था कि गरीबी को समाप्त करेंगे लेकिन कोई भी गरीबी को समाप्त नहीं कर पाया। लेकिन पीएम मोदी ने 10 साल के भीतर 25 करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर करने में कामयाबी हासिल की। ये भारत की प्रमुख उपलब्धियां हैं।'
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, 'सारण की जनता ने मुझे राजनीति में पैर रखने को मौका दिया, इसलिए उनके प्रति मेरा विशेष स्नेह है। सारण की जनता का कर्ज मैं कभी नहीं चुका पाऊंगा। लोग मुझसे कहते थे कि आप अपने परिवार से (सारण से) उम्मीदवार दीजिए और एक बैठक के बाद उन्होंने मुझसे रोहिणी आचार्य को उम्मीदवार के रूप में चुनने के लिए कहा, मैंने स्वीकार कर लिया और उन्हें सारण से राजद का उम्मीदवार बना दिया।'
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से महज दो दिन पहले मणिपुर भाजपा ने अपने एक नेता ई द्विजामनी सिंह को पार्टी से छह साल के निष्कासित कर दिया है। ई द्विजामनी सिंह पार्टी के हियांगलम मंडल के अध्यक्ष थे। पार्टी ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में यह कार्रवाई की। वहीं पार्टी से निकाले जाने के बाद द्विजामनी सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए।
कोलार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, 'जहां भी अडानी को पैसा चाहिए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि परिवार कितना गरीब है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे भूख से मर रहे हैं, अगर अडानी को वह जमीन चाहिए, तो नरेंद्र मोदी उन्हें वह जमीन दिलवा सकते हैं...। वह हमारे किसानों की भंडारण सुविधा चाहते हैं, उन्हें वह भंडारण सुविधा मिलेगी।'
समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सीट से प्रत्याशी डिम्पल यादव ने कहा, 'रामनवमी की प्रथा सदियों से चली आ रही है और आगे भी चलती रहेगी। हम सभी ने पूजा की, कन्या पूजन किया...निश्चित तौर पर इस बार जीत हमारी होगी। लोग समझ रहे हैं कि मौजूदा सरकार जो कहती है वो नहीं कर पा रही। उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।'
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'मैंने पहले भी कहा है, अब फिर कह रहा हूं कि पश्चिम (पश्चिमी यूपी) से इस बार बीजेपी का सफाया होने जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने किसान को धोखा दिया है। उन्होंने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी, लेकिन सरकार एमएसपी देने में भी विफल रही... इस बार '400-पार' नहीं बल्कि 400-हार' उनकी होने जा रही है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है, सारे भ्रष्टाचारी अब वहीं हैं... यह सरकार संस्थानों के साथ खेल रही है। अगर संस्थाएं कमजोर होती हैं तो लोकतंत्र भी कमजोर होता है।'
नैनीताल में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक है और पीएम मोदी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेंगे।
महाराष्ट्र के अमरावती से भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार नवनीत राणा ने कहा है कि देश में मोदी लहर है। उन्होंने विपक्षियों पर आरोप लगाया कि रैली में उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। नवनीत राणा ने कहा कि 'देश में मोदी लहर है और आगे भी मोदी लहर रहेगी। देश के विकास के लिए मोदी की जरूरत है।' विपक्षियों ने कोशिश की कि मेरे भाषण के एक वीडियो में छेड़छाड़ करके मेरे बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया।' दरअसल नवनीत राणा ने अपने हालिया एक बयान में कहा कि अगर किसी को लगता है कि मोदी लहर है तो उन्हें याद रखना चाहिए कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भी बतौर निर्दलीय चुनाव जीती थी।
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें यहां अपार जन समर्थन मिल रहा है। मीडिया से बात करेत हुए उन्होंने कहा, "अपार जन समर्थन मिल रहा है। 10 साल की सरकार में प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचा है। पीलीभीत में कमल खिलेगा। ऐतिहासिक जीत मिलेगी।"
भाजपा सांसद कराडी संगन्ना बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कोप्पल लोकसभा सीट से दो बार के सांसद संगन्ना को भाजपा ने इस बार टिकट नहीं दिया। जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने संगन्ना का पार्टी में स्वागत किया।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बेलगावी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जगदीश शेट्टार के समर्थन में रोड शो किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के नलबाड़ी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उनकी इस रैली में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए है। रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने वहां मौजूद लोगों को रामनवमी की बधाई दी। इस खास मौके पर उन्होंने फोन की फ्लैश लाइट जला कर लोगों से रामलला के सूर्य तिलक से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में मोदी की गारंटी चल रही है। पूर्वोत्तर तो खुद ही मोदी की गारंटी का गवाह है। जिस पूर्वोत्तर को कांग्रेस ने सिर्फ समस्याएं दी थी, उस पूर्वोत्तर को भाजपा ने सम्भावनाओं का स्रोत बना दिया है। कांग्रेस ने अलगाववाद को खाद पानी दिया, मोदी ने पूर्वोत्तर को गले लगाने का काम किया। यहां पढ़े पूरी खबर...
कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि वे कल वायनाड में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि देश में एनडीए की नहीं बल्कि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने वाली है।
शिवकुमार ने कहा, "कल मैं चुनाव प्रचार के लिए वायनाड जा रहा हूं क्योंकि राहुल गांधी पूरे भारत में कैंपेन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने पूरे भारत में यात्रा की है इसलिए उनके पास चुनाव को लेकर अच्छी समझ है। एनडीए की नहीं विपक्षी गटबंधन की सरकार बनने जा रही है। राहुल गांधी आज कर्नाटक आ रहे हैं।"
पुलकेशीनगर से पूर्व कांग्रेस विधायक आर. अखंड श्रीनिवास मूर्ति भाजपा नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गाजियाबाद में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि असली मुद्दों की बात नहीं करते। लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा महज 150 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी।
राहुल ने आगे कहा, "कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'यह चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ आरएसएस और भाजपा संविधान और लोकतांत्रिक को खत्म करने की कोशिश कर रही है, और दूसरी तरफ INDI गठबंधन और कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश कर रही है। चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे हैं। बेरोजगारी सबसे बड़ी है और महंगाई दूसरी सबसे बड़ी है, लेकिन भाजपा ध्यान भटकाने में लगी है। न तो प्रधानमंत्री और न ही भाजपा मुद्दों पर बात करती है।"
तमिलनाडु में डीएमके पेरम्बलुर लोकसभा उम्मीदवार के.एन. अरुण नेहरू ने टोल गेट पर रोड शो किया। उनके अलावा मध्य चेन्नई निर्वाचन क्षेत्र से डीएमके उम्मीदवार दयानिधि मारन ने ट्रिप्लिकेन में चुनाव प्रचार किया।
तमिलनाडु में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और कोयंबटूर के उम्मीदवार के. अन्नामलाई ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।
चुनाव आयोग ने पांच अप्रैल को सिरसिला में कांग्रेस के खिलाफ टिप्पणी करने पर बीआरएस अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) को नोटिस जारी किया है। आयोग ने उन्हें 18 अप्रैल को 11 बजे तक अपना जवाब दर्ज करने को कहा है।
तमिलनाडु के दक्षिण चेन्नई के अन्नाद्रमुक के उम्मीदवार जे. जयवर्धन ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की। जयवर्धन ने कहा, "अगर आप मेरे निर्वाचन क्षेत्र के बारे में बात करें, तो यहां लोगों की तरफ से उत्साहजनक पतिक्रिया मिल रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "लोग द्रमुक सरकार से नाराज हैं। इसलिए जहां भी मैं जाता हूं, वहां लोगों की तरफ से मुझे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। वे हमारी सराहना कर रहे हैं। पूरे तमिलनाडु में द्रमुक विरोधी लहर है। द्रमुक को न केवल मेरे निर्वाचन क्षेत्र से हार मिलेगा, बल्कि वह हर जगह से हारेंगे।"
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) नेता प्रकाश आंबेडकर को अपनी पार्टी का समर्थन देने की घोषणा की है। लोकसभा चुनाव के लिए प्रकाश आंबेडकर महाराष्ट्र के अकोला सीट से चुनाव लड़ने वाले हैं। बता दें कि 2019 लोकसभा चुनाव के लिए वीबीए और एआईएमआईएम ने गठबंधन किया था, लेकिन बाद में उसी साल यह गठबंधन महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में टूट गया।
असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को कहा, "हमारा मानना है कि दलितों का नेतृत्व सामने आना चाहिए। मैं आईएमआईएम की टीम से अपील करता हूं कि वे अकोला में प्रकाश आंबेडकर को अपना वोट दें।" प्रकाश आंबेडकर देश के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के पोते हैं।
ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम आगामी लोकसभा चुनाव पुणे से लड़ेगी और उन्होंने अनीस सुंडके को अपना उम्मीदवार बनाया है। एआईएमआईएम प्रमुख ने मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे से भी बातचीत की कोशिश की। उन्होंने कहा, "एक दुबले-पतले शरीर वाले व्यक्ति ने महाराष्ट्र सरकार को हिला कर रख दिया। मुझे लगता है कि जरांगे को अपनी पार्टी बनानी चाहिए, क्योंकि पार्टी बनाने के बाद ही न्याय मिल सकता है।" ओवैसी ने आरोप लगाया कि चुनाव में एआईएमआईएम के औरंगाबाद लोकसभा सीट के उम्मीदवार इम्तयाज जलील के खिलाफ सभी पार्टियां एकजुट हो गईं है।