भाजपा के आधिकारिक हैंडल से 'एक्स' पर 23 अप्रैल को 'कांग्रेस घोषणा-पत्र या मुस्लिम लीग घोषणा-पत्र' शीर्षक से पोस्ट किए गए एक ट्वीट के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मल्लेश्वरम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की एफएसटी टीम द्वारा बेंगलुरु के मल्लेश्वरम पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। समाज में नफरत और दुश्मनी को बढ़ावा देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को पूर्वी महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में एक चुनावी रैली में बोलते समय बेहोश हो गए। भाजपा नेता पुसाद में चुनाव प्रचार कर रहे थे। यह यवतमाल-वाशिम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। जैसे ही वे बेहोश हुए, उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें मंच से बाहर ले गए। हालांकि, मंत्री कुछ मिनट बाद ठीक हो गए और अपना भाषण पूरा किया। उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र के पुसाद में एक रैली में गर्मी के कारण बेचैनी महसूस हुई, लेकिन अब मैं पूरी तरह से ठीक हूं और अगली रैली में हिस्सा लेने के लिए वरुड जा रहा हूं।
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि आज प्रधानमंत्री मोदी भोपाल पधार रहे हैं। पीएम मोदी के स्वागत के लिए पूरा भोपाल तैयार है। उन्होंने कहा कि शाम सात बजे प्रधानमंत्री का एक किलोमीटर लंबा रोड शो आयोजित किया जाएगा।
राहुल गांधी और कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की खुद की कोई विचारधारा नहीं है। वे मुस्लिम लीग की विचारधारा पर चल रहे हैं। कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। अपना चेहरा बचाने के लिए जाति को जाति से लड़ाना और देश में धर्म की राजनीति आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
अमेठी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी (कांग्रेस) ने घोषित किया है कि वे एक-एक व्यक्ति की कमाई का हिसाब करेंगे। फिर सबकी संपत्ति ले लेंगे और जिसको चाहे उसे बांटेंगे, हम सब जानते हैं कि कांग्रेस वालों ने जब एक बार संपत्ति ले ली तो सिर्फ अपनी जेब भरी है गरीब का पैसा कभी नहीं पहुंचाया।
हैदराबाद में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने माधवी लता के लिए रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कंग्रेस को सनातन और संतान विरोधी बताया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस आपकी संतानों की संपत्ति को छीनने के लिए वसूली टैक्स लगाने वाली है। सीमा, संतान, संपत्ति और सनातन की सुरक्षा करनी है तो देश में फिर एक बार मोदी सरकार चाहिए।
राजद नेता मनोज कुमार झा ने बताया कि लड़ाई विपक्षी गठबंधन और एनडीए के बीच है। उन्होंने कहा कि आज बिहार के कोने-कोने अगर आप बच्चों से पूछेंगे कि नौकरी मतलब तो वो बोलेंगे तेजस्वी यादव। यह हासिल कैसे हुआ है, यह समर्पण से हासिल हुआ है। उनको अपनी जिम्मेदारी पता है। प्रधानमंत्री मोदी रोजगार, महंगाई की बात करें। वे देश के दिल को जोड़ने वाली बात करें।
लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को घेरा। कांग्रेस नेता ने कहा कि जो लोग खुद को देशभक्त बताते हैं वे आज जाति जनगणना की एक्स-रे से डरे हुए हैं। सामाजिक न्याय सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बताया कि यह उनके जीवन का मिशन है कि वे उन 90 फीसदी लोगों को न्याय दिलाए, जिनके साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि एक बार हमारी सरकार बन जाए, तो हमारा सबसे पहला काम जाति जनगणना का होगा।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने कहा कि सुरेंद्रन बड़े अंतर से यहां जीतने जा रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए अन्नामलाई ने कहा, वे यहां राहुल गांधी को हराने के लिए नहीं आए हैं, वे यहां लोगों की सेवा करने के लिए हैं। क्या राहुल गांधी एक श्वेत पत्र जारी कर बता सकते हैं कि उन्होंने पिछले पांच वर्षों में वायनाड के लिए क्या किया है। उन्होंने(राहुल गांधी) 10 से भी कम बार वायनाड का दौरा किया है और अब फिर से वे चुनाव के लिए आए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान समाप्त हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौन मतदाताओं से डर गये हैं इसलिए वह पार्टी की लगातार आलोचना कर रहे हैं।
खरगे ने सवाल किया कि अगर कांग्रेस कुछ है ही नहीं तो प्रधानमंत्री क्यों इसे लेकर चिंतित हैं? उन्होंने बताया कि वह लगभग 10 से 12 राज्यों का दौरा कर चुके हैं और कांग्रेस को हर जगह से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, मुझे खामोश लहर की उम्मीद है। मैं कह सकता हूं कि यह खामोश लहर (अंडरकरंट) दिखाई नहीं दे रही है लेकिन मोदी जी इन मौन मतदाताओं से डरते हैं और यही कारण है कि वह हमेशा कांग्रेस की आलोचना करते रहते हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के इतिहास के बारे में और अधिक पढ़ने की सलाह दी है।
केंद्रीय मंत्री और पोरबंदर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मनसुख मंडाविया ने धोराजी विधानसभा की उपलेटा जिला पंचायत सीट पर चुनाव प्रचार किया।
अमरावती लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह राहुल गांधी बोल रहे हैं कि इसका हिसाब होगा कि किसके पास कितनी संपत्ति और सोना है और अगर वह हद से ज्यादा होगा तो बाकी लोगों में बांट दिया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस पर संविधान को नष्ट करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस आने वाले समय में हुकुमशाही करना चाह रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव प्रचार जारी है, इस दौरान कांग्रेस नेता बिनय तमांग ने भाजपा के दार्जिलिंग प्रत्याशी राजू बिस्ता का समर्थन किया। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के प्रमुख बिमल गुरुंग ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सभी भाजपा के समर्थन में आ रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "बिनय तमांग ने भाजपा का समर्थन किया, इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। मैं प्रर्थना करता हूं कि पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करे। हम एक-दूसरे से ज्यादा बात नहीं करते हैं। 2017 के बाद से मैंने संबंध खत्म कर दिए थे।"
तमिलनाडु के दक्षिणी चेन्नई लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम गायब होने पर चुनाव आयोग को गंभीरता से इस पर विचार करना चाहिए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री स्टालिन को घेरा।
भाजपा उम्मीदवार ने कहा, "सीएम स्टालिन इसपर चुप क्यों हैं? विपक्षी गठबंधन भी शांत है। हमें आशंका है कि मतदाताओं के नाम गायब करने में द्रमुक सरकार का हाथ है। जब मतदाताओं का हक मारा जा रहा है तो वे शांत क्यों हैं? हम इसके लिए द्रमुक को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।"