केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को एक रैली के दौरान अपना आपा खो दिया। उन्होंने रैली में अलग विदर्भ की मांग उठाने और इसके समर्थन में नारे लगाने वाले प्रदर्शनकारियों को रैली से बाहर निकलवाने और पिटने की धमकी दे डाली। नितिन गडकरी ने नारेबाजी कर रहे लोगों से कहा कि अगर उन्होंने चिल्लाना बंद नहीं किया तो थप्पड़ लगेगा। नितिन गडकरी ने विदर्भ समर्थकों से कहा कि आपके नारे हो गए ना, अब चुप बैठो नहीं तो मार दूंगा। गडकरी गुस्से में कह उठे अगर अब आवाज निकाली तो सबको पीट दूंगा, शांत बैठ जाओ।
क्या है पूरा मामला?
नितिन गडकरी महाराष्ट्र के नागपुर में जनसभा कर रहे थे। उनकी रैली में कुछ लोगों ने अलग विदर्भ राज्य के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को गुस्सा आ गया और वह अपना आपा खो बैठे। उन्होंने अगल विदर्भ राज्य की मांग कर रहे समर्थकों को पिटने और बाहर निकलवाने की धमकी दी। जब गडकरी लोगों को शांत रहने और थप्पड़ मारने की बात कह रहे थे उस वक्त मंंच पर सूबे के मुख्मयंत्री देवेंद्र फड़णवीस भी मौजूद थे।
'चिल्लाना बंद नहीं किया तो लगेगा थप्पड़'
नितिन गडकरी के भाषण शुरू करते ही भीड़ में से कुछ लोगों ने अलग विदर्भ राज्य के समर्थन में नारे लगाने और पर्चे बांटने शुरू कर दिए। इस पर केंद्रीय मंत्री ने मंच से अपनी नाराजगी जाहिर की और जब लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी तो गडकरी ने कहा कि अगर अलग विदर्भ राज्य की मांग कर रहे समर्थक फिर हंगामा करते हैं तो उन्हें थप्पड़ लगाइए। महाराष्ट्र में पिछले 80 सालों से अलग विदर्भ राज्य की मांग उठ रही है।