उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर ने प्रयागराज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफाई कर्मचारियों के पैर धोने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां पैर धोने की परंपरा पुरानी है। कन्याओं के पैर धोकर उनकी पूजा होती है। लेकिन, भाजपा वाले पैर धोकर नई-नई पूजा निकाल रहे हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का हिंदुत्व बताया है। राज बब्बर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के पैर धोने से अच्छा है, उन लोगों के लिए अच्छे कपड़े दे देते।
राज बब्बर ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के पांच सफाई कर्मचारियों के पैर धोने को लेकर मजाक भी शुरू हो चुका है।
अपने कुंभ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच सफाई कर्मचारियों के पैर धोए थे। इनमें तीन पुरुष सफाई कर्मचारी और दो महिला सफाई कर्मचारी थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कुंभ यात्रा के दौरान सफाई कर्मचारी प्यारेलाल, होरीलाल, नरेश कुमार, चौबी और ज्योति के पैर धोए थे। जब इस पर राज बब्बर से सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी की नई-नई पूजा परंपरा बताया।