मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब मुलायम सार्वजनिक तौर पर अपना दर्द बयां कर रहे हैं। चार साल पहले से ही मुलायम अखिलेश को लताड़ रहे हैं। उन पर बेमौसम बरसात की तरह बरस पड़ते हैं। पहले भी कई बार सार्वजनिक तौर पर अखिलेश को झिड़का है। मुलायन ने इस बार सीटों के बंटवारे के बाद कार्यकर्ताओं से कहा-
किसी जमाने में इतनी मजबूत पार्टी बनी थी। अकेले सरकार बनाई तीन बार और तीनों बार हम मुख्यमंत्री रहे। हम राजनीति नहीं सच्ची बात कह रहे हैं।
मुलायम बोल उठे मुझसे बिना पूछे मायावती से गठबंधन कर लिया। आधी सीटें देने का आधार क्या? इसी के साथ ही मुलायम बीते दिनों में चले गए और अपने जमाने को याद कर डाला।
कोई न जाने पिता-पुत्र का समाजवादी द्वंद्व!
पिता-पुत्र का यह समाजवादी द्वंद्व काफी पुराना है। एक वक्त था जब सपा में तीन गुट सक्रिय थे। एक धड़े का नेतृत्व मुलायम के हाथों में तो दूसरे गुट को अखिलेश चला रहे थे। तीसरा गुट चाचा शिवपाल का था। यह वह दौर था जब अखिलेश युवाओं का समाजवाद लाने की कोशिश में जुटे थे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को खफा करते जा रहे थे। गायत्री प्रजापति को साइड किया तब भी पिता भड़के। अमर सिंह के खिलाफ खबर प्लांट करने का आरोप लगाया तो मुलायम का दिल पसीज गया। पुराने दोस्त के साथ खड़े हो गए।
चार साल पहले मैनपुरी में मुलायम ने अखिलेश को उस वक्त डांटा, जब अखिलेश के कंधों पर सूबे की जिम्मेदारी थी। इसके बाद लखनऊ में भी डांट लगाई। यह वह वक्त था जब मुलायम बेमौसम बारिश को लेकर बेटे की सरकार की तरफ से पहुंचाई मदद का जिक्र कर रहे थे। मुलायम भाषण दे रहे थे और अखिलेश मंच पर बैठकर लोगों से बातचीत कर रहे थे। मुलायम ने सरेआम मंच से अखिलेश को डांटा। उन्होंने पहले कहा मुख्यमंत्री जी बात करने में लगे हैं और फिर अखिलेश को जोरों की डांट लगाते हुए कह डाला- आ गया है बात करने....एक दौर वह भी था जब पिता-पुत्र के बीच बहस और चाचा के साथ धक्का मुक्की का वीडियो मीडिया में खूब सुर्खियां बटोर रहा था।
2016 में मुलायम ने कह डाला-हम खड़े हो जाएंगे तो सरकार की ऐसी तैसी हो जाएगी।
घुमावदार रहा मुलायम सिंह यादव का सफर
मुलायम गांव से निकले। इटावा से ग्रेजुएशन किया और राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए आगरा पहुंचे। छात्र राजनीति में सक्रिय हुए। राममनोहर लोहिया की समाजवादी विचारधारा से प्रभावित हुए और पहली बार उस वक्त लोहिया का सानिध्य उन्हें मिला जब 1966 में लोहिया इटावा पहुंचे थे। 1967 में लोहिया की पार्टी से चुनाव लड़ा और जीत का ताज पहना। लोहिया की मौत के बाद मुलायम ने चौधरी चरण सिंह की पार्टी भारतीय क्रांति दल का दामन लिया। आपातकाल में मीसा में गिरफ्तार हुए और जेल हो गई। 1979 में चौधरी चरणसिंह ने जब लोकदल की स्थापना की तो मुलायम उधर हो लिए। 1989 का दौर आया तो जनता पार्टी ज्वॉइन कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह
- फोटो : अमर उजाला
कार सेवकों पर गोली चलाकर 'राष्ट्रीय नेता' बन गए मुलायम...!
4 अक्तूबर 1992 को मुलायम ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की। तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम 1967 में पहली बार विधायक बने। कांग्रेस विरोध के दौर में 1977 में मंत्री बने और इसके बाद अयोध्या मुद्दे ने मुलायम को राजनीति के शिखर पर पहुंचाया दिया। यह 1990 का दौर था और भारत की राजनीतिक लड़ाई मंदिर-मस्जिद के फेर में आ गई थी। मुलायम उस वक्त सूबे के मुख्यमंत्री थे और बाबरी मस्जिद के लिए कार सेवकों पर गोली चलाने का आदेश दे दिया। यही वह दौर था जब भाजपा के हिंदू शिखर पुरुष आडवाणी, रथ लेकर निकले थे। सोमनाथ से अयोध्या तक माहौल को हिंदुत्वादी करने का दौर था। सत्ता में वीपी सिंह बैठे थे और आडवाणी की रथ यात्रा उनके माथे पर बल खींच रही थी। आडवाणी को रोकने का भारी दबाव था।
जब 23 अक्टूबर को बिहार में आडवाणी की गिरफ्तारी हुई उसके सात दिन बाद ही 30 अक्टूबर को मुलायम ने कार सेवकों पर गोल चलाने का आदेश दे दिया। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि 30 कार सेवकों की जान गई, लेकिन आंकड़ों की सच्चाई संदिग्ध ही रही।
मुख्यधारा की सियासत से तकरीबन दूर जा रहे मुलायम सिंह के लिए राजनीतिक अनुभवों से गुजरी एक भरी-पूरी दुनिया है। जिसमें सबसे बड़े सूबे यूपी के 3 बार सीएम होने से लेकर देश के रक्षा मंत्रालय को संभालने का हिसाब-किताब है। 17वीं लोकसभा के चुनाव में मुलायम की सियासत बयानों के इर्द-गिर्द सिमटती दिखाई दे रही है। बयान, जिनमें प्रधानमंत्री की तारीफ भी शामिल है। अगर किन्हीं वजहों से सपा-बसपा का गठबंधन यूपी में संभावित कमाल नहीं कर पाता तो अखिलेश को मुलायम के पास वापस लौटना ही होगा। कुछ सबक फिर हासिल करने होंगे। जमीनी तजुर्बे को भीतर उतारना होगा।