राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी 25 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है और आठ मार्च को नई दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में काफी कुछ साफ हो जाएगा।
राजस्थान में पार्टी द्वारा सभी सीटों पर चुनाव लड़े जाने के सवाल पर पायलट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले भी 25 सीटों पर लड़ती आई है। इस बार भी लडेंगे और जीतने के लिए लड़ेंगे और जीतेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस का मिशन 25 सफल रहेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य की 25 सीटों के संभावित उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए फीडबैक लेने का काम पूरा कर लिया है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आठ मार्च को नयी दिल्ली में होगी जिसमें एक से तीन उम्मीदवारों के नाम का पैनल बनाकर पार्टी की केंद्रीय चुनाव को भेजा जाएगा जो नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी।
कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा विरोधी संगठनों के साथ महागठबंधन बना रही है। हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी ने राज्य की 200 में से पांच सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी थीं।