भाजपा के घोषणापत्र को कांग्रेस ने झूठा बताया है। कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस में वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने कहा कि पीएम मोदी को संकल्प पत्र नहीं, बल्कि माफीनामा जारी करना चाहिए था। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने घोषणापत्र से गायब मुद्दों को लेकर भाजपा पर हमला बोला। सवाल उठाया कि बेरोजगारी, कालाधन, नोटबंदी जैसे सरकार के पिछले वादों का क्या हुआ! इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी सच नहीं बोल सकते, इसलिए उनका घोषणापत्र भी झूठा है।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार का सफरनामा जुमलों से झांसों तक है। सरकार का मूल मंत्र है- झांसों में फांसो। फिर एक बार झांसा पत्र तैयार किया है। देश के विश्वास में सरकार ने विष घोल दिया है। 2014 के 125 वादों का क्या हुआ? जब कोई अपना काम नहीं करता तो बहानेबाजी करता है। अपनी नाकामी का इल्जाम दूसरों पर मढ़ देना और रोज नए बहाने बनाना।