बिहार की नवादा सीट लोजपा के खाते में जाने से नाराज चल रहे गिरिराज सिंह को लेकर चिराग पासवान का बयान आया है। चिराग पासवान का कहना है कि वह गिरिराज सिंह से बात करेंगे और इस मामले को सुलझाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने न्यूज एजेंसी 'एएनआई' से बातचीत में कहा कि गिरिराज सिंह के साथ हमारे अच्छे ताल्लुकात हैं। मीडिया के जरिए मुझे पता चला कि वह नवादा सीट को लेकर थोड़ा नाराज हैं। अगर ऐसा है तो मैं कॉल करके उनसे पूछूंगा और इस मामले को सुलझाने की कोशिश की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह नवादा सीट लोजपा के खाते में जाने पर नाराज हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष उनसे आखिरी पल तक कहते रहे कि आप जहां से चाहोगे वहां से चुनाव लड़ सकोगे। उन्होंने कहा, मैंने प्रदेश अध्यक्ष से इतना जरूर कहा था कि अगर मैं लोकसभा चुनाव लड़ूंगा तो नवादा से ही लड़ूंगा। गौरतलब है कि रविवार को भाजपा ने बिहार में गठबंधन के सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे का एलान किया था। सीट बंटवारे में भाजपा 17, जेडीयू 17 और लोजपा के हिस्से में 6 सीट आई हैं। बिहार के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति पारस ने सीट बंटवारे का एलान किया। गठबंधन में तय किया गया है कि रामविलास पासवान को असम से राज्यसभा भेजा जाएगा।
बिहार में भाजपा पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, प्रह्लादपुर, सारण, बेगूसराय, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम और औरंगाबाद से चुनाव लड़ेगी। जबकि, जेडीयू बाल्मीकिनगर, सीतामढ़ी, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सिवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, काराकाज और जहांनाबाद से चुनाव लड़ेगी । लोजपा के खाते में हाजीपुर, नवादा, खगड़िया, समस्तीपुर, वैशाली और जमुई की सीट आई हैं। इस बार गिरिराज सिंह की नवादा सीट लोजपा के खाते में गई है।