मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग की ओर से प्रचार के समय में कटौती के विरोध पर विपक्षी नेताओं के समर्थन के लिए उनके प्रति आभार जताया है। बृहस्पतिवार को अपने एक ट्वीट में तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ने बसपा प्रमुख मायावती, सपा नेता अखिलेश यादव और कांग्रेस समेत तमाम दलों और नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के निर्देश पर चुनाव आयोग का फैसला लोकतंत्र पर सीधा हमला है। लोग इसका करारा जवाब देंगे।
ध्यान रहे कि महानगर में मंगलवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसा को ध्यान में रखते हुए आयोग ने बंगाल में आखिरी दौर के मतदान से पहले चुनाव प्रचार के समय में 20 घंटे की कटौती करने का एलान किया था। आखिरी दौर में महानगर और आसपास की नौ सीटों पर मतदान होना है। ममता ने आयोग पर भाजपा के निर्देश पर काम करने का आरोप लगाते हुए उसके फैसले को अनैतिक व असंवैधानिक करार दिया था।