उत्तर पश्चिम दिल्ली से दोबारा टिकट न मिलने पर नाराज हुए उदित राज ने भाजपा पर लगातार हमला बोल रहे हैं। 2014 में इसी सीट से उदित राज ने भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। वह अब कांग्रेस का हिस्सा हैं और अपनी पुरानी पार्टी पर वार करने का मौका नहीं छोड़ रहे हैं। एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर उदित राज ने ट्वीट किया था, केरल में भाजपा आज तक एक भी सीट नही जीत पाई, जानते हैं क्यों ? क्योंकि वहां के लोग शिक्षित हैं, अंधभक्त नहीं।
मालूम हो कि उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा ने गायक हंस राज हंस को उम्मीदवार बनाया। हालांकि, इससे पहले ही उदित राज ने बगावती तेवर दिखाते हुए पार्टी को काफी भला बुरा कहा था। उन्होंने उस वक्त लिखा था कि मेरे टिकट में देरी होने पर पूरे देश में मेरे दलित समर्थकों में रोष है और जब मेरी बात पार्टी नहीं सुन रही तो आम दलित कैसे इंसाफ पायेगा। अगर मुझे लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार के रूप में नहीं उतारा गया तो पार्टी से इस्तीफा दे दूंगा। और अंतत: यही हुआ।