नरेंद्र मोदी का दूसरी बार पीएम के रूप में शपथ लेने का सस्पेंस खत्म हो गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उन्हें 30 मई के शाम 7 बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राष्ट्रपति भवन ने इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है। गौरतलब है कि राजग संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद पीएम मोदी ने बीते शनिवार शाम राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन में होगा। पीएम मोदी के साथ कम से कम तीन दर्जन कैबिनेट और राज्य मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। हालांकि पीएम मोदी की नई टीम में कौन कौन से चेहरे शामिल होंगे, इस पर अभी माथापच्ची जारी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शपथ ग्रहण के दौरान किन किन देशों के शासनध्याक्ष्य उपस्थित होंगे।
गौरतलब है कि बीते लोकसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के सार्क देशों के शासनाध्यक्षों को आमंत्रित किया था। इस बार सरकार की तैयारी प्रमुख इस्लामिक देशों के साथ दुनिया की पांच सबसे शक्तिशाली देशों के मुखिया को बुलाने की थी।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के नेतृतव में राजग के एक प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर सहयोगी दलों के समर्थन से संबंधित पत्र उन्हें सौंपा था।
इस प्रतिनिधिमंडल में अकाली दल, जदयू, लोजपा, शिवसेना, अन्नाद्रमुक सहित विभन्न दलों के कई लोग राष्ट्पति के पास पहुंचे थे। प्रतिनिधिमडल में शाह, प्रकाश सिंह बादल, राजनाथ सिंह, नीतीश कुमार रामविलास पासवान, उद्धव ठाकरे, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी मौजूद थे। खराब स्वास्थ्य कारणों से अरुण जेटली इस समारोह से दूर थे।