प. बंगाल में हिंसा
वहीं, पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में हिंसा की छिटपुट घटनाएं दर्ज की गईं। राज्य में लोकसभा की तीन सीटों पर 76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों ने बताया कि न्यूज चैनल के एक रिपोर्टर और एक कैमरामैन से कथित तौर पर मारपीट की गई। वे लोग रायगंज निर्वाचन क्षेत्र के काटाफुलवाड़ी में मतदान की रिपोर्टिंग करने गए थे।
सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र में उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में मतदाताओं ने कथित तौर पर सड़क की नाकेबंदी कर दी और मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की गैर मौजूदगी की शिकायतें कीं। जिले के एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चोपड़ा में अपने ऊपर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने और बम फेंके जाने के बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने इस सिलसिले में कम से कम तीन लोगों को हिरासत में लिया है। रायगंज से माकपा उम्मीदवार मोहम्मद सलीम ने दावा किया कि उनकी कार पर अज्ञात लोगों ने उस वक्त हमला किया जब वह उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में एक मतदान केंद्र पर गए थे।
बिहार में लोकसभा की पांच सीटों पर शाम छह बजे तक 62 प्रतिशत मतदान हुआ था। हालांकि, कुछ बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतों और मतदान के बहिष्कार के चलते वोटिंग देर से शुरू हुई।अधिकारी ने बताया कि बांका में अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत एक मतदान केंद्र से चुनाव बहिष्कार की खबर आई। इसी क्षेत्र में दो मतदान केंद्रों पर शुरूआती घंटों में लोगों ने मतदान नहीं किया क्योंकि वे लोग कैथा गांव में एक किसान के मारे जाने का विरोध कर रहे थे। मतदान प्रक्रिया सुबह सवा दस बजे शुरू हुई।
महाराष्ट्र में लोकसभा की 10 सीटों पर छह बजे तक 62 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य के नांदेड़ से 78 ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं। वहीं, उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर दोपहर तीन बजे तक 50 प्रतिशत मतदान हुआ है। असम में पांच सीटों पर मतदान हुआ। अधिकारियों के मुताबिक कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी की शिकायतें हैं, लेकिन मतदानकर्मियों ने इस समस्या को दूर कर दिया।