लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के आने के बाद प्रत्याशियों की जीत-हार की चर्चा तेज हो गई है। सभी को इंतजार है 23 मई को आने वाले नतीजों का। लेकिन उससे पहले 19 मई को आए एग्जिट पोल नतीजों ने हार-जीत के कयास पर सस्पेंस और बढ़ा दिया है। सबकी नजर दिग्गज उम्मीदवारों पर लगी है। ऐसी ही एक सीट है यूपी की गाजीपुर लोकसभा सीट। जानिए एबीपी-नील्सन का एग्जिट पोल क्या कह रहा है।
उत्तर प्रदेश की गाजीपुर की लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा एबीपी-नील्सन के एग्जिट पोल के मुताबिक गाजीपुर से अफजाल अंसारी से हार रहे हैं। चुनाव के पहले भी कहा जा रहा था कि सिन्हा इस बार कड़ी लड़ाई में फंसे हैं। सिन्हा केंद्र में रेल राज्य मंत्री हैं, ऐसे में उनके लिए ये सीट प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। देखना है कि एग्जिट पोल अनुमान 23 मई को आने वाले नतीजे से कितना मेल खाते हैं।
सपा-बसपा गठबंधन हो जाने की वजह से अफजाल अंसारी के हौसले बुलंद दिख रहे हैं। मुसलमान, यादव और दलित मतदाताओं की संख्या गाजीपुर के कुल मतदाताओं के 50 प्रतिशत से अधिक है। पिछले चुनाव में सपा के टिकट पर लड़ी कभी मायावती के करीबी रहे बाबूराम कुशवाहा की पत्नी शिवकन्या कुशवाहा को मनोज सिन्हा के हाथों केवल 32 हजार वोटों से हार मिली थी, जबकि बसपा के टिकट पर लड़े कैलाश नाथ सिंह ने लगभग ढाई लाख वोट हासिल किए थे। दोनों के मतों को मिला दिया जाने तो यह आंकड़ा सवा पांच लाख होता है, जबकि मनोज सिन्हा को केवल तीन लाख वोट ही मिले थे।