राज्य की 14 लोकसभा सीटों के लिए मंगलवार को होने वाले मतदान में 237 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होगा। यहां भाजपा और कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने जमकर मेहनत की।
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष शाह के अलावा केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी और बीएस येदियुरप्पा समेत प्रदेश के नेताओं ने भी चुनाव प्रचार में भाग लिया। वहीं कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, जेडीएस नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा, मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने प्रचार का जिम्मा संभाला। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी गठबंधन के लिए प्रचार किया।
तीसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में गुलबर्गा से मल्लिकार्जुन खड़गे (कांग्रेस), उत्तर कन्नड से केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार हेगड़े (भाजपा) तथा बिजापुर से केंद्रीय मंत्री रमेश जिगजिगानी, येदियुरप्पा के बेटे बी वाई राघवेंद्र (भाजपा) तथा पूर्व मुख्यमंत्री एस बंगारप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा (जेडीएस) शामिल हैं।
असम
असम की चार लोकसभा सीटों पर मंगलवार को मतदान होगा जिसके लिए आज प्रचार समाप्त हो गया। प्रचार करने वालों में प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, वित्त मंत्री हिमंत बिस्व सरमा तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रंजीत दास और असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रिपुन बोरा प्रमुख रहे।
ओडिशा
ओडिशा की छह लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम थम गया। भाजपा और बीजद समेत अन्य दलों के नेताओं ने यहां सघन प्रचार किया।मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भुवनेश्वर, कटक, पुरी, संबलपुर, क्योंझर और ढेंकनाल लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा क्षेत्रों पर मतदान होगा।
तीसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में बीजद के बी महताब, पिनाकी मिश्रा, अरुप पटनायक, भाजपा के संबित पात्रा, प्रकाश चंद्र मिश्रा और अपराजिता सारंगी आदि शामिल हैं।
गोवा की दोनों लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसी दिन तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होना है।
उत्तर गोवा, दक्षिण गोवा लोकसभा सीटों के साथ शिरोडा, मापुसा और मांद्रेम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम गया।
यहां भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया।
(इनपुट- भाषा)