बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव टिकट विवाद पर मानने को तैयार नहीं हैं। 'लालू-राबड़ी मोर्चा' बनाने के बाद तेज प्रताप ने हाल ही में शिवहर सीट से अंगेश सिंह के लिए रोड शो किया था। अंगेश सिंह यहां से 'लालू-राबड़ी मोर्चा' से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, अब कहा जा रहा है कि तेज प्रताप, जहानाबाद सीट से भी अपनी पार्टी के उम्मीदवार चंद्रप्रकाश का समर्थन करेंगे।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, तेज प्रताप यादव 24 अप्रैल को चंद्रप्रकाश के नॉमिनेशन में शामिल होंगे। वह उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो करेंगे और वोट भी मांगेंगे। गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने 'लालू-राबड़ी मोर्चा' बनाकर अपने करीबी नेताओं को टिकट दिया है। वह लगातार इन उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी कर रहे हैं। तेज प्रताप ने राजद से बिहार की तीन लोकसभा सीटें जहानाबाद, सारण और शिवहर मांगी थीं। लेकिन सीटें नहीं मिलने पर उन्होंने अलग मोर्चा बनाकर अंगेश सिंह का निर्दलीय नामांकन भरवाया।
वहीं, तेज प्रताप शिवहर के अलावा जहानाबाद सीट पर भी राजद उम्मीदवार सुरेंद्र यादव का विरोध कर रहे हैं। जहानाबाद सीट से सांसद अरुण कुमार, सुरेंद्र यादव के अलावा राजग से चंद्रेश्वर सिंह चंद्रवंशी चुनावी मैदान में हैं। तेज प्रताप के जन्मदिन पर तेजस्वी और तेज प्रताप केक काटते दिखे थे, जिसके बाद से लग रहा था कि तेज प्रताप मान जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। जहानाबाद सीट पर 19 मई को वोट डाले जाएंगे। वहीं, विश्लेषकों का मानना है कि तेज प्रताप ने इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारकर राजद उम्मीदवार के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं