भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को मध्यप्रदेश के चार उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है। भाजपा ने भोपाल से मालेगांव ब्लास्ट मामले से चर्चा में आई साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को पार्टी में शामिल कर टिकट दिया है। वह इस सीट पर सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को टक्कर देंगी। उन्हें जब भाजपा की सदस्यता दिलाई गई तो उस दौरान मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे। वहीं, प्रज्ञा ठाकुर के भोपाल से लड़ने के अधिकारिक एलान के बाद बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भाजपा पर हमला बोला है। स्वरा ने एक ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कहा कि 'जल्दी'।
29 सितंबर 2008 को नासिक के मालेगांव शहर में एक बाइक में बम लगाकर विस्फोट किया गया था। इसमें 7 लोगों की मौत हुई थी और करीब 100 लोग जख्मी हो गए थे। इस मामले में साध्वी प्रज्ञा और कर्नल पुरोहित को अक्तूबर 2008 में गिरफ्तार किया गया था। प्रज्ञा पर मकोका अधिनियम की विभिन्न धाराएं भी लगाई गई थीं। साध्वी पर मालेगांव ब्लास्ट के साथ ही साथ सुनील जोशी की हत्या का भी आरोप है।
एनाईए की जांच में भी ये बात सामने आई कि सुनील का प्रज्ञा के प्रति आकर्षण ही उनकी हत्या का कारण बना। 2017 में जांच के बाद एनआईए ने अदालत से कहा कि उसे प्रज्ञा ठाकुर को जमानत पर छोड़ने में दिक्कत नहीं है क्योंकि उनके खिलाफ अभियोजन लायक सुबूत नहीं हैं।