पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली ने राज्य मेें हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की राजनीति गंदी है। यहां जिन सीटों पर बीजेपी जीती है वहां अब तृणमूल कांग्रेस के लोग हिंसा करवाएंगे। उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर टीएमसी ने हिंसा न करवाई होती तो बीजेपी को 30 सीटों पर जीत मिलती।
गांगुली ने कहा कि बंगाल की राजनीति में एक तरह की गंदगी है। जहां बीजेपी को सीटें मिली हैं अब वहां लोगों पर ज्यादा अत्याचार और हिंसा होगी। उन्होंने कहा कि आखिर टीएमसी राज्य में सत्ताधारी पार्टी है और पुलिस उनके साथ मिली हुई है। इसके साथ ही रूपा ने कहा कि लोग अब ममता बनर्जी से ऊब गए हैं।
रूपा ने कहा हिंसा न होती तो बीजेपी की सीटों की संख्या 30 से ज्यादा होती, ममता को इसी बात का डर था और इसी के चलते चुनाव के सातों चरणों में उन्होंने हिंसा करवाई। उन्होंने कहा कि चिंता उन जगहों के लिए है जहां हम जीते हैं। अब वहां हिंसा होने की पूरी गुंजाइश है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी अपनी जड़ें जमाने में कामयाब हो गई है। बंगाल में बीजेपी ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है।