केंद्रीय मंत्री और लोजपा नेता रामविलास पासवान ने मुजफ्फरपुर के पताही में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री पद के लिए वैंकेंसी नहीं होने की बात कही। उन्होंने इस दौरान बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर राजग की जीत का दावा भी किया। साथ ही उन्होंने कहा कि 23 मई को परिणाम आने के बाद राजग की ही सरकार बनेगी।
यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पासवान ने कहा, ‘‘विपक्ष को परेशान नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री पद के लिए अभी कोई वैकेंसी नहीं है और 23 मई को नतीजे आने के बाद नरेंद्र मोदी शपथ लेंगे और केंद्र में हमारी सरकार का बनना तय है। पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा पुख्ता है। दुश्मन घबराया हुआ है, पाकिस्तान घबराया हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान प्रायोजित आतंककवाद के सफाये की बात करते हैं तब कांग्रेस, राजद के लोग मुस्लमानों को गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ, सबका विकास के प्रण के साथ काम कर रहे हैं जहां हिन्दू, मुस्लिम, गरीब, अमीर, दलित किसी का कोई भेद नहीं है।
पासवान ने जोर दिया कि बिहार में अब तक 19 सीटों के लिए मतदान हो चुका है और राजग की जीत तय दिख रही है। प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम बिहार में 40 की 40 सीट जीतेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी के नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सहयोगी दलों को जितना सम्मान देने का काम किया है, उतना कांग्रेस सोच भी नहीं सकती है।
पासवान ने कहा कि विपक्ष का गठबंधन टूटा-फूटा हुआ है, बिखरा हुआ है। हमारे समक्ष जातपात, धर्म और मजहब का सवाल नहीं है, हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि जनता ने तय कर लिया है, किसान मजदूर का राज कायम होगा, कमाने वाला बना रहेगा, लूटने वाला दूर रहेगा।