केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर
- फोटो : Social media
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की पश्चिम बंगाल के जाधवपुर की रैली प्रशासन से अनुमति न मिलने के कारण रद्द करनी पड़ी। बीजेपी के मुताबिक ममता बनर्जी सरकार ने अमित शाह के हेलीकॉप्टर को उतरने की भी इजाजत नहीं दी जबकि इसके लिए चार दिन पहले औपचारिक अनुमति मांगी गई थी। पहले अनुमति दी भी गई थी, लेकिन अंतिम समय में ममता सरकार ने अनुमति वापस ले ली जिसकी वजह से उन्हें रैली रद्द करनी पड़ी। भाजपा ने इसे अलोकतांत्रिक प्रक्रिया बताया है।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ममता बनर्जी कभी रैली की इजाजत नहीं दे रही हैं तो कभी उनके कार्यकर्ता बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या कर रहे हैं। वे खुद जय श्री राम बोलने वालों को गिरफ्तार करने की धमकी दे रही हैं।
जावड़ेकर ने कहा कि एक लोकतांत्रिक देश में यह कैसे संभव है कि कोई दल किसी दूसरे दल को अपने प्रचार की भी अनुमति न दे। उन्होंने कहा कि यह एक अलोकतांत्रिक कदम है जिसके खिलाफ उन्होंने चुनाव आयोग में शिकायत भी की है।
दरअसल, जाधवपुर सीट तृणमूल कांग्रेस की वर्तमान सीट है। यहां से डॉ. सुगत बोस 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने में कामयाब रहे थे। इस बार टीएमसी ने अभिनेत्री मिमी च्रक्रवर्ती को यहां से मैदान में उतारा है। अमित शाह ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी अपने भतीजे का क्षेत्र होने के नाते इस सीट पर प्रचार रोककर उनका भविष्य सुरक्षित करना चाहती हैं लेकिन वे ऐसा करने में कामयाब नहीं होंगी।