मध्य प्रदेश के खंडवा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भोपाल से कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। पीएम ने कहा कि ये कितने भी हवन करा दें, ये कितने भी जनेऊ दिखा दें, पुलिस को भगवा ड्रेस भी सिलवा दें। लेकिन भगवा में जो आतंक के दाग लगाने की इन्होंने साजिश की है, उस पाप से ये बच नहीं पाएंगे।
पीएम ने मध्यप्रदेश की कांग्रेस की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा " आप यहां मध्य प्रदेश में ही देख लीजिए। यहां एक ही पार्टी के ढाई यानी 'टू प्वाइंट फाइव सीएम' हैं। प्रशासन को भी पता नहीं चलता कि किसका आदेश मानना है। गुंडों, हत्यारों और डकैतों को खुला लाइसेंस दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पाले पोसे आतंकी जब यहां पर हमला करते थे तो ये निर्दोषों को जेल में ढूस देते थे। हिंदू आतंकवाद का कुतर्क करने के लिए हमारी महान परंपरा का अपमान करने के लिए जो गंभीर षड्यंत्र इन लोगों ने वोट बैंक की राजनीति करने के लिए किया है। इसका जवाब आज इनको मिल रहा है।
पीएम ने भोपाल गैस त्रासदी का जिक्र कते हुए कहा कि भोपाल में हजारों लोगों को जहरीली गैस के हवाले कर दिया गया, कई पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया गया, इस कांड के गुनहगार को सरकारी विमान से भगा दिया गया। इस पर भी ये यही कहेंगे- हुआ तो हुआ।
खंडवा लेकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण 19 मई वोट डाले जाएंगे।