प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को वाराणसी में नामांकन करेंगे। इससे पहले 25 अप्रैल को उनका रोड शो होगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को ये जानकारी दी। पीएम मोदी मौजूदा समय में वाराणसी से ही सांसद हैं।
अमित शाह ने कहा कि नामांकन के दौरान बिहार के सीएम नीतीश कुमार, अकाली दल नेता सुखबीर सिंह बादल, शिवसेना सुप्रीमो उद्धव ठाकरे सहित कई एनडीए नेता मौजूद रहेंगे।
प्रियंका गांधी के वाराणसी से चुनाव लड़ने के कयासों पर शाह ने कहा, देश में लोकतंत्र है, कोई भी चुनाव लड़ सकता है। कांग्रेस भ्रमित है, हम नहीं। हमारे उम्मीदवार का नाम घोषित हो चुका है। नरेंद्र मोदी यहां से चुनाव लड़ेंगे।
इस दौरान अमित शाह ने ये भी कहा कि मुझपर चलाया गया केस फर्जी थी, अदालत इस संबध में अपना फैसला सुना चुकी है। मुझे राहुल गांधी की कानूनी समझ पर कुछ नहीं कहना है।
2014 में मोदी की बड़ी जीत
बता दें कि 2014 में पीएम मोदी ने वाराणसी से चुनाव लड़कर बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके अलावा उन्होंने वडोदरा से भी जीत हासिल की थी। लेकिन बाद में वाराणसी सीट को बरकरार रखा था। 2014 में अरविंद केजरीवाल ने भी वाराणसी से चुनाव लड़ा था लेकिन बड़े अंतर से हार गए थे।
इस बार उनके ओडिशा के पुरी से लड़ने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और यहां से संबित पात्रा चुनाव लड़ रहे हैं।
सपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी संसदीय से शालिनी यादव को गठबंधन का उम्मीदवार घोषित किया है। 2017 में कांग्रेस की टिकट पर महापौर पद का चुनाव लड़ चुकीं शालिनी यादव कुछ समय ही सपा में शामिल हुई थीं।