प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के चुनाव कार्यक्रम की तैयारी करने वाले सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी 26 अप्रैल को नामांकन कर सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मोदी 25 अप्रैल को बनारस पहुंच जाएंगे और अगले दिन बनारस हिंदू विश्वविधालय से लेकर दशाश्वमेध घाट तक मेगा रोड शो करेंगे। मोदी उसके बाद कालभैरव मंदिर जाएंगे और घाट पर गंगा आरती में भाग लेंगे। उसी दिन यानी 26 अप्रैल को ही वह पार्टी के कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री के दिन भर के कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ता अंतिम रूप देने में लगे हैं। साथ ही रोड शो को लेकर भी तैयारी हो रही हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री मीडियाकर्मियों से भी बात कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान और चुनाव खत्म होने के बाद रोड शो कर चुके हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री गुजरात की वडोदरा और उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे। वहीं मोदी के खिलाफ वाराणसी से आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़े थे।
गौरतलब है कि वारणसी लोकसभा सीट पर 19 मई को यानी सातवें चरण में चुनाव होना है और नतीजे 23 मई को आएंगे।