बसपा अध्यक्ष मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी, मंदिर, महिला और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर पीएम को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी को परेशान करके रखा हुआ है। प्रधानमंत्री पहले अपनी पत्नी का सम्मान करें, फिर महिला सम्मान की बात करें।
गंगा मैय्या की सफाई देश का मुद्दा है लेकिन भाजपा सरकार ने लाखों-करोड़ों खर्च करके भी सफाई न करके गंगा मैय्या के साथ वादाखिलाफी की है। पीएम मोदी ने वाराणसी में पुराने छोटे-छोटे मंदिरों को तुड़वाकर आरएसएस की संकीर्ण मानसिकता का समर्थन किया है। भाजपा के राज में आज हर स्तर पर भ्रष्टाचार बढ़ा है जिससे रक्षा सौदे भी अछूते नहीं हैं।
मायावती ने कहा कि आप लोगों को कांग्रेस और भाजपा के लुभावने वादों में न आकर अपने गठबंधन को विजयी बनाना है। गरीबों की समस्याओं को हल करने में भी भाजपा सरकार पूर्णतया असमर्थ रही है। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपनी नीतियों से गरीब को और भी गरीब बना दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी भी हैं। मोदी जी आजकल रैलियों में रोना रो रहे हैं कि लोग मुझे गाली दे रहे हैं। ये सब नाटकबाजी वोट पाने के लिए है। हमारा गठबंधन महामिलावटी नहीं, बल्कि महासामाजिक परिवर्तन का गठबंधन है।