तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य में केंद्रीय बल मतदान केंद्रों के अंदर अवैध तरीके से बैठकर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं और लोगों से इस पार्टी को वोट देने के लिए कह रहे हैं। बनर्जी ने दावा किया कि मतदान प्रक्रिया को भाजपा को मदद पहुंचाने के लिए तीन महीने तक खींचा गया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मंगलवार को मतदान के दौरान मालदा दक्षिण और बालूरघाट सीटों पर केंद्रीय बल लोगों से भाजपा के लिए वोट डालने को कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस मामले में अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सूचना मिली थी कि मालदा दक्षिण के इंग्लिश बाजार में केंद्रीय बल बूथों के अंदर बैठे हैं और मतदाताओं से भाजपा के लिए वोट डालने को कह रहे हैं। उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं है। हमने इस बारे में चुनाव आयोग को अवगत करा दिया है। वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? वे मतदान केंद्र पर नहीं जा सकते। यह उनका काम नहीं है। निर्वाचन अधिकारी की मंजूरी के बिना।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि इतर में भी एक मतदान केंद्र पर तैनात केंद्रीय बल कतारों में खड़े मतदाताओं को भाजपा के लिए वोट डालने को कह रहे हैं। बनर्जी ने केंद्रीय बलों से अपील की कि भाजपा नेताओं के किसी निर्देश का पालन नहीं करें क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार की वापसी की कोई उम्मीद नहीं है।
उन्होंने एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘कृपया पुलिस का काम करें। भाजपा की नहीं सुनें और आम आदमी के लिए काम करें। आप हमारे मित्र हैं। कल जब हमारी सरकार केंद्र में होगी तो आपको हमारे साथ काम करना होगा। मोदी अब वहां नहीं रहेंगे।’’
ममता बनर्जी ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा जिन्होंने सोमवार को राज्य में एक रैली में दावा किया था कि आयोग की तटस्थता ममता बनर्जी की चुनावी धांधली के लिए बड़ा झटका है।