झारखंड में पोलिंग ऑफिसर लियोनार्ड लक्का की ड्यूटी के दौरान तबियत बिगड़ गई। इसके बाद सीआरपीएफ जवानों ने उन्हें अस्पताल ले जाकर उनकी जान बचाई।
चुनाव आयोग ने बेगूसराय से भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह को नोटिस थमाया है। गिरिराज सिंह को उनके विवादित बयान को लेकर नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा था कि जो वंदे मातरम् नहीं कह सकता है, मातृभूमि की पूजा नहीं कर सकता। उसे देश कभी माफ नहीं करेगा। तीन हाथ जमीन चाहिए तो वंदे मातरम् बोलना होगा। उन्होंने यह बयान 24 अप्रैल को दिया था। चुनाव आयोग ने उनसे 24 घंटे में नोटिस का जवाब मांगा है।
फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र बोले- हम राजनीति की एबीसीडी नहीं जानते, लेकिन देशभक्ति हमारे खून में है। मैंने बीकानेर में क्या किया है आप जाकर देख सकते हैं। सनी भी देश की सेवा करेंगे।
दिल्ली भाजपा नेता हरीश खुराना ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल के खिलाफ तीसहजारी कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि सुनीता केजरीवाल के पास दो वोटर आईडी कार्ड हैं, एक गाजियाबाद के साहिबाबाद से और दूसरा सिविल लाइंस दिल्ली से।
प. बंगाल के श्रीरामपुर में बोले पीएम मोदी, दीदी ने कहा कि वह मुझे मिट्टी और पत्थरों से बने रसगुल्ला देना चाहती है। बंगाल की मिट्टी में रामकृष्म परमहंस, स्वामी विवेकानंद, जे सी बोस, नेताजी, एस पी मुखर्जी की खुशबू है। अगर मोदी को ऐसा रसगुल्ला मिलता है तो ये प्रसाद होगा।
शत्रुघ्न सिन्हा ने पटना साहिब से भरा नामांकन।
प. बंगाल में पीएम मोदी गरजे- 23 मई को जब नतीजे आएंगे तो हर जगह कमल खिलेगा और आपके विधायक आपको छोड़ देंगे। आज भी आपके 40 विधायक मेरे संपर्क में हैं।
वाराणसी में अंतिम मौके पर महासंग्राम की कहानी ने एक अलग ही मोड़ ले लिया है। सपा ने घोषित प्रत्याशी शालिनी यादव की जगह तेज बहादुर यादव को टिकट दे दिया है। ऊहापोह के बीच आज उन्होंने यहां से नामांकन भी कर दिया।
प. बंगाल के सेरामपुर में पीएम मोदी बोले- टीएमसी के गुंडे लोगों को वोट देने से रोक रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं।
पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार आतिशी मर्लेना ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर की फिर शिकायत की। गंभीर पर लगाया आचार संहित के उल्लंघन का आरोप।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने आनंदपुर साहिब से किया नामांकन, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी थे मौजूद।
पश्चिम बंगाल में आसनसोल और बीरभूम में बवाल की खबरों के बीच भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिला। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्तार अब्बास नकवी और वियज गोयल शामिल थे। आयोग के अधिकारियों से मुलाकात करने के बाद नकवी ने कहा कि हमने पश्चिम बंगाल में हिंसा का मुद्दा उठाया। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की नियुक्ति की मांग की गई है।
कांग्रेस सासंद सुष्मिता देव ने कहा, भारतीय सेना पर पीएम मोदी और अमित शाह के भाषणों पर हमने चुनाव आयोग को 8 बार पत्र लिखा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के कोडरमा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भी मालूम है कि वह किसी हालत में सरकार नहीं बना सकती, इसलिए केवल डोर खींचने का काम कर रही है। देश को मजबूत सरकार चाहिए और वह केवल एनडीए दे सकती है।
पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा आज करेंगे नामांकन। भाजपा के रविशंकर प्रसाद से है मुकाबला।
फिल्म अभिनेता से नेता बने सनी देओल ने गुरदासपुर से नामांकन दाखिल किया। भाई बॉबी देओल भी रहे मौजूद। भाजपा ने सनी देओल को इस बार गुरदासपुर से टिकट दिया है।
पंजाब- शिरोमणि अकाली दल के आनंदपुर साहिब से उम्मीदवार प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने रोपड़ में नामांकन दाखिल किया।
ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की शिकायत को गैर आपराधिक करने की याचिका पर सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग और भारत सरकार को नोटिस जारी किया है। मुंबई के वकील सुनील आह्या ने अदालत में याचिका दाखिल की है। बता दें कि ईवीएम-वीवीपैट के खराबी की शिकायत गलत पाए जाने पर शिकायतकर्ता को जेल भेजने और जुर्माने का प्रावधान है।
सुष्मिता देव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 30 अप्रैल को सुनवाई करेगा। याचिका में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग।
कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की। याचिका में पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर चुनाव आयोग को निर्देश देने की मांग।
दिल्ली: मुख्तार अब्बास नकवी, विजय गोयल, अनिल बलूनी सहित भाजपा प्रतिनिधिमंडल प. बंगाल में हिंसा के मुद्दे पर चुनाव आयोग से मुलाकात करेगा।
फिल्म अभिनेता से नेता बने सनी देओल ने सोमवार को अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका। इसी के साथ उन्होंने अपने सियासी सफर की शुरुआत कर दी। सनी देओल सोमवार को पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से अपना नामांकन करेंगे। सनी देओल दोपहर 11 बजे गुरदासपुर में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान रोड शो का भी आयोजन किया गया है।
लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के तहत सोमवार को उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों की 71 लोकसभा सीटों पर मतदान हुए। इस चरण में 64 फीसदी मतदान हुआ। सबसे ज्यादा प. बंगाल में 76 फीसदी मतदान हुआ। कई राज्यों में लोकतंत्र के खूबसूरत रंग देखने को मिले तो कहीं हिंसक झड़पों के कारण माहौल गर्म भी नजर आया। इस दौरान मुंबई की लोकसभा सीटों पर फिल्मी सितारों की खूब धूम रही। देश भर की कई दिग्गज हस्तियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार कन्हैया कुमार, गिरिराज सिंह, पूनम महाजन, उर्मिला मतोंडकर समेत कई उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हुई।