2019 लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सबसे ज्यादा अमीर उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया है। मध्यप्रदेश के गुना लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास 374 करोड़ रुपए की संपत्ति है। उनके नामांकन हलफनामे में इस बात की जानकारी दी गई है। दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा पैसे वाले प्रत्याशी पूर्वी दिल्ली से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे गौतम गंभीर हैं। गंभीर के पास 147 करोड़ रुपए की संपत्ति है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने प्रत्याशियों के हलफनामों का विश्लेषण कर यह जानकारी दी है। बता दें कि छठे चरण के लिए 12 मई को मतदान होना है।
चुनाव मैदान में 189 दागी उम्मीदवार
इस चरण के लिए चुनाव मैदान में किस्मत आजमा रहे उम्मीदवारों में से 189 उम्मीदवार दागी हैं। इन उम्मीदवारों पर कोई न कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज है। जबकि 146 प्रत्याशियों पर गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 21 प्रत्याशियों के ऊपर महिलाओं पर अत्याचार से संबंधित केस दर्ज हैं। दो उम्मीदवार तो ऐसे हैं जिनके ऊपर बलात्कार की धाराओं में केस दर्ज है।
भाजपा के 54 में से 26 दागी उम्मीदवार मैदान में
छठे चरण के लिए सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवार भारतीय जनता पार्टी से हैं। भाजपा के 54 में से 26 प्रत्याशी दागी हैं और 18 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, कांग्रेस के 46 में से 20 उम्मीदवार दागी हैं और 12 पर गंभीर आपराधिक मुकदम दर्ज हैं। बसपा के 49 में से 19 प्रत्याशी दागी हैं और 17 के ऊपर गंभीर आपराधिक केस दर्ज हैं। 307 निर्दलियों में से 34 उम्मीदवार दागी हैं।