कर्नाटक के तुमकुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे पूर्व प्रधानमंत्री व जनता दल (एस) प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने गुरुवार को कहा कि यदि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनते हैं, तो वह राहुल गांधी का समर्थन करेंगे और उनके साथ बैठेंगे। जनता दल (एस) की ओर से चुनाव लड़ रहे पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि मैंने तीन साल पहले ही चुनाव नहीं लड़ने का एलान कर दिया था। लेकिन हालात ऐसे बन गए कि मुझे चुनाव लड़ना पड़ रहा है।
अपने बेटे व कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी कुमारस्वामी द्वारा उनके फिर से प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर देवेगौड़ा ने कहा कि मुझे इस बात की चिंता नहीं है। मेरी चिंता ये है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी दोबारा संसद पहुंचेंगे। मुझमें इतनी हिम्मत है कि मैं प्रधानमंत्री मोदी के सामने ही यह बात कह सकता हूं। अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनते हैं तो मैं उनके पास बैठूंगा। जरुरी नहीं है कि मैं ही प्रधानमंत्री बनूं। सक्रिय राजनीति से रिटायरमेंट पर देवेगौड़ा ने कहा कि मैंने कभी भी नहीं कहा है कि मैं सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने जा रहा हूं। मैं आखिरी दम तक अपनी पार्टी के लिए संघर्ष करता रहूंगा।
कर्नाटक में कांग्रेस के समर्थन पर उन्होंने कहा कि हमारी छोटी पार्टी होने के बावजूद सोनिया गांधी ने हमारी पार्टी को बिना शर्त के समर्थन दिया है, अब मेरी जिम्मेदारी है कि मेैं उनके साथ मिलकर आगे काम करुं। हालांकि मैं ये मानता हूं कि कुछ राज्यों में गठबंधन करना संभव नहीं है। फिर भी महाराष्ट्र में कांग्रेस का गठबंधन एनसीपी के साथ है और तमिलनाडु में डीएमके के साथ। पार्टी में परिवारवाद पर देवेगौड़ा ने कहा कि मैंने अपने परिवार के किसी भी सदस्य को पार्टी का अध्यक्ष नहीं बनने दिया है और इसकी अनुमति भी कभी नहीं दूंगा।
येदियुरप्पा ने कसा तंज
वहीं, एच डी देवेगौड़ा द्वारा राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बयान पर पलटवार करते हुए कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि सात सीटों पर चुनाव लड़ने वाले भी प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री के सलाहकार बनने का सपना देख रहे हैं। मालूम हो कि कर्नाटक में कांग्रेस, जेडीएस के साथ मिलकर सरकर चला रही है और लोकसभा का चुनाव भी मिलकर लड़ रही है।