भाजपा उम्मीदवार जया प्रदा के समर्थन में उत्तर प्रदेश के रामपुर पहुंचे राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने अमर उजाला से खास बातचीत में कई मुद्दों पर बेबाक राय रखी। उन्होंने मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की जमकर आलोचना की। रामपुर से सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी आजम खान पर भी वह खूब बरसे। पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर भी अमर सिंह ने मन की बात कही। इस खास बातचीत में क्या-क्या कहा अमर सिंह ने पढ़ें-
अमर सिंह ने आजम खान को मानसिक विकलांग और कायर बताया। उन्होंने कहा, मुलायम सिंह की राजनीतिक मूर्खता के कारण आजम खान बड़े बने हैं। वह अतिरेक की राजनीतिक करते हैं। भारत माता को डायन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहते हैं। उनका पूरा इतिहास ही विवादों से घिरा हुआ है। आजम के मन में औरतों को लेकर कोई इज्जत नहीं है। प्रत्याशी के तौर पर इनकी जगह रामपुर में नहीं होनी चाहिए। बता दें कि आजम खान अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इसे लेकर चुनाव आयोग ने उनपर 48 घंटे चुनाव प्रचार करने पर भी पाबंदी लगाई थी। हालांकि जया प्रदा पर दिए अपने बयान को वापस लेने को वह तैयार नहीं हैं।
'मैं जया का नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार करने आया हूं'
रामपुर पहुंचे अमर सिंह ने मुलायम सिंह से लेकर मायावती और अखिलेश यादव तक किसी को भी नहीं बख्शा। अमर सिंह ने कहा, सभी जानते हैं कि समाजवादी पार्टी ने मुझे दो बार बाहर निकाला। पार्टी ने मुझे बाहरी आदमी बताया। मेरा जमकर अपमान हुआ। सपा-बसपा गठबंधन मिलावटी है। इसके साथ ही अमर सिंह ने कहा कि मैं रामपुर जया प्रदा का नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार करने पहुंचा हूं।