चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में बिहार के कटिहार में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके चलते अब उनपर भी चुनाव आयोग की कार्रवाई की तलवार लटक गई है। कटिहार में रैली के दौरान सिद्धू ने विवादास्पद बयान दिया था।
रैली में उन्होंने बयान दिया था-
यहां जातपांत में बांटने की राजनीति हो रही है। मैं अपने मुस्लिम भाइयों को अपनी बात कहने आया हूं। ये एक ऐसी सीट है जहां आप अल्पसंख्यक नहीं बहुसंख्यक हो। भाजपा के षडयंत्रकारी लोग आपको रोकने का प्रयास करेंगे। आपके वोट को बांटने का प्रयास करेंगे। आप इकठ्ठे रहे तो कांग्रेस को दुनिया की कोई ताकत हरा नहीं सकेगी। मैं आपको चेतावनी देने आया हूं मुस्लिम भाइयों। ये आपको बांट रहे हैं। ये यहां ओवैसी जैसे लोगों को लाकर, एक नई पार्टी साथ में खड़ी कर आप लोगों का वोट बांट के जीतना चाहते हैं। अगर तुम लोग इकट्ठे हुए, एकजुट होके वोट डाला तो मोदी हार जाएगा।
सोमवार को ही सुप्रीम कोर्ट के कड़े तेवरों के बाद चुनाव आयोग ने ऐसे बयानों पर सख्त रवैया अपनाते हुए योगी आदित्यनाथ, आजम खान, मायावती और मेनका के प्रचार पर रोक लगाई है। ऐसे में सिद्धू पर भी आयोग की कार्रवाई हो सकती है। उनके बयान को सांप्रदायिक बयान माना जा रहा है।