भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज पश्चिम बंगाल के हावड़ा रैली में तृणमूल कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा और बंगाल के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि हम दोबारा सत्ता में आते ही एनआरसी लाएंगे और शर्णार्थियों को भारतीय नागरिकता देंगे।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। लोगों को अपना काम कराने लिए टीएमसी को टैक्स देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय केवल 1.32 लाख करोड़ रुपये दिए गए जबकि एनडीए नीत भाजपा सरकार ने बंगाल को 4.24 लाख करोड़ रुपये दिए। लेकिन लोगों तक ये राशि नहीं पहुंच रही है जिसका सबसे बड़ा कारण राज्य में भारी संख्या में भ्रष्टाचार का होना है।
शाह ने कहा कि बम बनाने की इकाइयों के अलावा तृणमूल कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल में और कोई फैक्टरी नहीं लगी है। टीएमसी हिंसा को अंजाम दे रही हैं और लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दीमक की तरह देश को घुसपैठिए बर्बाद कर रहे हैं। हम उन्हें निकाल कर बाहर फेकेंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 8 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय पहुंचाकर महिलाओं को सम्मान से जीने का अधिकार मोदी सरकार ने दिया है।
शाह ने कहा कि आज के समय में राज्य में हिन्दुओं को धार्मिक जुलूस निकालने की इजाजत नहीं है। ममता दीदी कितना भी अत्याचार करना है कर लो, 23 मई के बाद हमें सरस्वती पूजा और दुर्गा पूजा करने से कोई नहीं रोक सकेगा।