प. बंगाल में भाजपा नेताओं पर हमला
- फोटो : ANI
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पांच चरणों के चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में सियासी संग्राम चरम पर जाता दिख रहा है। यहां आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और भाजपा नेता हिमंता विश्वा सरमा के काफिले पर हमला हुआ। भाजपा ने इसके पीछे टीएमसी कार्यकर्ताओं का हाथ बताया है।
इन दोनों नेताओं के काफिले पर पूर्बा मेदिनीपुर में हमला हुआ। हमले में कार के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। भाजपा का आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमले को अंजाम दिया है। भाजपा का कहना है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उसके तीन कार्यकर्ताओं को बंधक भी बनाया।
बता दें कि मतदान के दौरान भी प. बंगाल में कई जगहों पर हिंसा हुई थी। इस दौरान कई जगहों पर भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। लेकिन पांच चरण का मतदान पूरा होने के बाद भी हिंसा का सिलसिला थमा नहीं है। मतदान के दौरान ही केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो की कार में तोडफोड़ की गई थी।
पांचवें चरण के मतदान के दौरान 6 मई को हुगली में भाजपा उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी की कार में भी तोड़फोड़ हुई थी जिसके खिलाफ वह जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरने पर भी बैठी थीं।