फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूरा देश मसूद अजहर के वैश्विक आतंकी घोषित होने पर खुश, राष्ट्रवाद पर वोट दे रही जनताः प्रवेश वर्मा

Thu, 02 May 2019 10:14 PM IST
Amit Digital अमित शर्मा, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
प्रवेश वर्मा - फोटो : Social Media
विज्ञापन

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा इस सीट से दूसरी बार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री साहब सिंह वर्मा के पुत्र प्रवेश वर्मा के पास पिता की विरासत, अपना काम और नरेंद्र मोदी का नाम है। वे किन मुद्दों पर जनता से वोट मांग रहे हैं, यह जानने के लिए हमारे संवाददाता अमित शर्मा ने उनसे मुलाकात की। पेश है वार्ता के प्रमुख अंश- 

प्रवेश वर्मा जी, आपके पास पिता की विरासत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी है। अपने क्षेत्र में आप किन मुद्दों पर वोट मांग रहे हैं?

जिस क्षेत्र में आप पूरा जीवन लगा देते हैं, वहां आपको किसी एक मुद्दे पर वोट नहीं दिया जाता। आपकी जिंदगी का हर पल, हर काम जनता की नजर में होता है और आपका हर काम, हर बोला गया वाक्य आपके वोटर को प्रभावित करता है। लेकिन अगर सबसे बड़ी ताकत की बात करें तो बिना किसी संकोच के भाजपा का हर कार्यकर्ता यह बात कहेगा कि इस बार पूरा चुनाव नरेंद्र मोदी के नाम पर लड़ा जा रहा है। जनता उसी पर वोट भी कर रही है। जाहिर है कि वही हमारे सबसे बड़े मुद्दे हैं। 

यानी कांग्रेस की गरीबों को 72 हजार देने की योजना और आप के पूर्ण राज्य के तीरों के सामने आपके पास नरेंद्र मोदी नाम का ब्रह्मास्त्र है? 

विज्ञापन

सही कहें तो मुद्दे जनता तय करती है। यह हम तय नहीं करते। अब कल की ही बात लीजिए। मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने पर पूरा देश खुशी महसूस कर रहा है। और अगर वह इन मुद्दों पर बहस कर रही है, वह इन मुद्दों पर वोट देने जा रही है तो क्या कोई इसे रोक सकता है? इसमें कोई शक ही नहीं है, राष्ट्रवाद हमारा सबसे बड़ा मुद्दा है। 

आप पांच साल यहां से सांसद रहे हैं। आपने कुछ काम भी किए हैं। क्या उन पर वोट नहीं मांगना चाहिए? 

आप हमारे क्षेत्र में जाकर देखिए कि कितना काम हमने किया है। स्थानीय सड़कों से लेकर बाजारों के लिए जरुरी सुविधाएं देने में हमने बहुत काम किया है। जाहिर है कि लोग उनकी वजह से भी हमें वोट करेंगे ही।

आपके सामने कांग्रेस के पूर्वांचली नेता महाबल मिश्रा और आम आदमी पार्टी के बलबीर सिंह जाखड़ हैं? आपका नजदीकी मुकाबला किससे होने जा रहा है? 

पिछली बार हमने साढ़े छह लाख से ज्यादा वोट हासिल किया था। इस बार यह वोट संख्या और अधिक बढ़ाने का मेरा लक्ष्य है। जबकि हमारे सामने खड़े दो उम्मीदवारों के सामने लक्ष्य अपनी जमानत बचाने का है। इससे अधिक कुछ भी नहीं कहूंगा। 

विज्ञापन

लेकिन आपके क्षेत्र में यह चर्चा है कि पूर्वांचली मतदाता आपसे नाराज हैं। जबकि कांग्रेस ने सीधे पूर्वांचली चेहरे को टिकट दिया है। आपके वोट बैंक पर असर नहीं पड़ेगा? 

इस बात को यहां से मत समझिए। हमारे क्षेत्र में घूमिए। तब आपको पता चलेगा कि इस तरह की अफवाह के पीछे कितनी जमीनी सच्चाई है। सच्चाई यह है कि अभी कल ही एक पूर्वांचली नेता भाजपा में शामिल हो गया है। इसी से समझ लीजिए। इसके अलावा, सबसे बड़ी सच्चाई यह है कि यह चुनाव नरेंद्र मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए हो रही है। इस आंधी में जनता जाति-धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर वोट कर रही है। पूरे देश में यह ट्रेंड बना हुआ है और दिल्ली के लोग तो सबसे ज्यादा राष्ट्रवादी हैं। वे अपने से पहले राष्ट्र की बात सोचते हैं। ऐसे में किसी तरह का दूसरा वाद नहीं चलेगा। यह देश सिर्फ राष्ट्रवाद पर वोट कर रहा है। पूरा देश भारत को महाशक्ति बनते देखना चाहता है। 

अरविंद केजरीवाल भी इस चुनाव में पूरी ताकत लगाए हुए हैं। उन पर आपकी क्या राय है? 

किसी व्यक्ति पर क्या निजी टिप्पणी करूं? जनता सब जानती है। उनके हर झूठ का पर्दाफाश जनता के सामने हो गया है। इस मामले में जज भी जनता ही है। उसे ही फैसला करने दीजिए। 

राहुल गांधी भाजपा के राष्ट्रवाद के मुद्दे पर हमलावर हैं। वे इसे मुद्दे को टालने की कोशिश बता रहे हैं। आप क्या कहेंगे? 

इन मुद्दों पर हमारे राष्ट्रीय नेता हमेशा पार्टी की राय रखते रहे हैं। उसके आगे हमें क्या कहने के लिए बचा रह जाता है। पूरा विपक्ष अपनी हताशा का शिकार है जबकि प्रधानमंत्री हिंदुस्तान को दुनिया के नक्शे पर बड़ी ताकत बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। जनता देख रही है कि किसका लक्ष्य क्या है। अंतिम निर्णय भी वही करेगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें