अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने आतंकवादियों को सीधा करने का काम किया है। जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाएं होती थी, लेकिन जेकेएलएफ और जमात-ए-इस्लामी पर कोई प्रतिबन्ध नहीं लगाता था। मोदी सरकार ने इन अलगाववादी संगठनों पर प्रतिबन्ध लगाने का काम किया। राहुल बाबा मोदी जी से पांच के कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं। आपके 55 साल पर हमारे पांच साल का पलड़ा भारी रहेगा। मोदी सरकार ने सबसे बड़ा काम देश के 50 करोड़ गरीबों को 5 लाख रुपए तक का सारा स्वास्थ्य का खर्चा उठाने का किया है। मोदी सरकार ने देश के हर गांव में बिजली पहुंचाई। आजादी के 70 साल बाद भी 19 हजार गांव ऐसे थे जहां बिजली नहीं पहुंची थी, आज देश में कोई गांव ऐसा नहीं है जहां बिजली न हो।
मोदी जी ने 5 साल में देश के गांव, गरीब, किसान का भाग्य बदलने का प्रयास किया। 5 साल में मोदी सरकार ने 7 करोड़ से ज्यादा गरीब माताओं के घर में गैस चूल्हा पहुंचाने का काम किया। 8 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार ने 13 वें वित्त आयोग के अंतर्गत मध्य प्रदेश को मात्र 1 लाख 34 हजार करोड़ रुपए दिए थे। लेकिन मोदी सरकार ने मात्र 5 साल के कार्यकाल में 5 लाख 35 हजार 921 करोड़ रुपए मध्य प्रदेश के विकास के लिए दिए।
मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार और तबादला उद्योग चलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब ये कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बन गए और 4 महीने में ही इनके एक साथी के यहां रेड पड़ी, जिसमें 281 करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार पकड़ा गया। अभी तो 4 महीने हुए हैं तो ये हाल हैं अभी इन्हें 60 महीने रहना है तो सोचिए कि मध्य प्रदेश का क्या होगा।’’ राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार रोडमल नागर है जबकि उनके सामने कांग्रेस की उम्मीदवार मोना सुस्तानी हैं।