लोहिया ग्लोबल समूह की ऑटोमोबाइल डिवीजन लोहिया ऑटो ने शुक्रवार को देश का पहला सोलर ई-रिक्शा ‘हमराही’ पेश किया। कंपनी ने ‘नारायण हाइड्रॉलिक टिप्पर ई-रिक्शा’ और देश का पहला ‘इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर ऑटो’ भी पेश किया। यह नई रेंज ईवीएक्सपो 2016, प्रगति मैदान में प्रस्तुत की गई।
हमराही में सोलर पैनल लगा हुआ है यानी इसकी बैट्री को धूप से चार्ज किया जा सकता है। नारायण हाइड्रॉलिक टिप्पर ई-रिक्शा में इलेक्ट्रिक डंपर की भार वहन क्षमता 350 किलोग्राम है। इसके साथ सामान को अनलोड करने के लिए एक हाइड्रॉलिक सिस्टम भी है। इस वाहन को डिलीवरी वैन और गारबेज कलेक्शन आदि कामों के लिए डिजाइन किया गया है।
लोहिया ऑटो इंडस्ट्रीज के सीईओ आयुष लोहिया ने बताया कि भारत के बड़े शहरों में प्रदूषण के बढ़ते स्तरों से मुकाबले की सख्त जरूरत को देखते हुए हमने पहले इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर ऑटो को भी पेश किया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग समय की मांग है। कंपनी ने अपना पहला लीथियम आयन बैट्री इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ‘ओमा स्टार लाई’ भी पेश किया है। इस मॉडल का चार्जिंग समय 3 घंटे से भी कम है और इसकी बैट्री लाइफ साइकिल 1,000 साइकिल्स से ज्यादा है।