केंद्रीय मंत्री प्रमाणिक को हत्या के प्रयास मामले में अग्रिम जमानत
कलकत्ता हाईकोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट पीठ ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक को हत्या के प्रयास के मामले में अग्रिम जमानत दे दी। उनके खिलाफ 2018 में केस दर्ज किया था। जस्टिस चित्तरंजन दास और जस्टिस पार्थसारथी सेन की खंडपीठ ने उन्हें एक पखवाड़े के भीतर निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का भी निर्देश दिया। प्रमाणिक ने हाईकोर्ट के निर्देश पर जलपाईगुड़ी सर्किट पीठ का रुख किया। केंद्रीय मंत्री ने जलपाईगुड़ी पीठ के समक्ष अग्रिम जमानत की अर्जी दायर की थी। खंडपीठ ने उन्हें मामले में जांचकर्ताओं के साथ सहयोग करने का निर्देश दिया।
कर्नाटक में 13 हजार कर्मियों को ओपीएस, अधिसूचना जारी
कर्नाटक सरकार ने घोषणा की है कि वह 2006 के बाद भर्ती हुए करीब 13 हजार कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में शामिल करेगी। सरकार ने इस संबंध में एक अधिसूचना भी जारी कर दी है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को सोशल मीडिया पर कहा कि हमने राज्य के उन कर्मचारियों की मांग पूरी की है, जो नई पेंशन योजना के विरोध में हड़ताल पर चले गए थे।
हिंदू देवी-देवताओं पर वाम विधायक की अभद्र टिप्पणी, मांगी माफी
केरल में एक वामपंथी विधायक की भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया। हालांकि, त्रिशूर विधानसभा सीट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के विधायक पी बालाचंद्रन ने फेसबुक से पोस्ट को हटा लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुरानी पोस्ट थी, लेकिन इससे भगवान राम के भक्तों को जो पीड़ा हुई उसके लिए उन्हें खेद है। मेरा इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
भर्ती घोटाला : सीबीआई ने टीएमसी के दो पार्षदों से की पूछताछ
पश्चिम बंगाल के प्राथमिक स्कूलों में भर्ती में अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में सीबीआई ने तृणमूल कांग्रेस के दो पार्षदों से बृहस्पतिवार को पूछताछ की। सीबीआई ने बुधवार को दो तृणमूल नेताओं बप्पादित्य दासगुप्ता और देबराज चक्रवर्ती को समन जारी कर पूछताछ के लिए पेश होने के लिए कहा था। एक अधिकारी ने बताया कि हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि स्कूल की नौकरियों में अनियमितताओं से उन दोनों को किस तरह फायदा हुआ।