देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कमला मिल कंपाउंड स्थित मोजोस ब्रिस्ट्रो पब में आग लग गई जिसमें कई परिवार की खुशियां जलकर राख हो गई। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई जिसमें 11 महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। मुंबई में एक महीने के दौरान आग में जलने की यह दूसरी घटना है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस मामले में बीएमसी के पांच अधिकारियों को निलंबित किया गया है। वहीं, मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आयुक्त अजॉय मेहता को मामले की जांच का आदेश दिया गया ।
बीएमसी आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक लोअर परेल स्थित कमला मिल कंपाउंड के ट्रेड हाउस इमारत में बृहस्पतिवार की आधी रात के बाद 1-अबव बार में आग लगी। इमारत के टेरिस पर बांस और प्लास्टिक का छप्पर होने के कारण आग की लपटें तेज हो गई। देखते ही देखते बगल के मोजोस ब्रिस्टो पब भी आग के घेरे में आ गया। जिस समय आग लगी उस दौरान पब में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। वहीं, रेस्तरां में जन्मदिन की पार्टी भी चल रही थी।
आग की लपटों के तेज होने पर कुछ लोग जान बचाकर भागने में सफल रहे जबकि कुछ लोग टॉयलेट में धुस गए जहां कई लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। कमला मिल कंपाउंड में मराठी और अंग्रेजी न्यूज चैनल के अलावा प्राईवेट कंपनियों के दफ्तर भी है। इसलिए इस इलाके में देर रात तक चहल पहल रहती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें कई अन्य दफ्तरों तक भी पहुंची लेकिन, दमकल विभाग के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। आग में बुरी तरह झुलसे 12 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें दो की हालत गंभीर है।
एमएन जोशी पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक अहदम उस्मान पठान ने बताया कि 1 अबव पब से आग की लपटें उठी और दूसरे रेस्तरां में भी आग की लपटे पहुंच गई। पब के मालिक हितेश सिंघवी, जिगर सिंघवी और अभिजीत मानकर के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि निलंबित अधिकारियों के दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज किया जाएगा।
सरबजीत परेला, धैर्य ललानी और विश्व ललानी की मौत हुई है। धैर्य और विश्व सगे भाई थे। वहीं, महिलाओं में प्रमीला, तेजल गांधी (36), खुशबू बंसल (28), पारूल लकड़ावाला (49), किंजल शाह (21), शेफाली, कविता धरानी (36) यशा ठक्कर (22), प्राची खत्री (30), मनीषा शाह (47) और प्रीति राजगिरिया (47) का समावेश है।
बढ़ती आबादी हादसे की वजह
पूर्व अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने इस पूरे हादसे के लिए भारत की आबादी को जिम्मेदार बताया है। संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 'ऐसा नहीं है कि पुलिस अपना काम नहीं कर रही। लेकिन असल समस्या हमारी जनसंख्या है। ऐसे में हर शहर की जनसंख्या निर्धारित होनी चाहिए।'