उत्तर प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी युवराज सिंह ने जीत दर्ज कर ली है वहीं, केरल में सत्तारूढ़ एलडीएफ ने कांग्रेस नीत यूडीएफ को हराकर पाला विधानसभा सीट जीत ली है। दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) से कांग्रेस की देवती कर्मा को जीत मिली है और बाधरघाट सीट (त्रिपुरा) से भाजपा की मिनी मजूमदार ने जीत दर्ज की है।
इन सभी सीटों पर सोमवार को मतदान हुए थे। यूपी की हमीरपुर सीट के नतीजों पर सबकी नजरें लगी हुई थी। खराब मौसम के कारण इस सीट पर कुल 51 प्रतिशत वोटिंग ही हो पाई थी। वहीं छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 23 तारीख को मतदान हुआ था। जिसमें क्षेत्र के 60.59 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
यूपी के हमीरपुर विधानसभा सीट उपचुनाव में भाजपा की जीत
हमीरपुर के सदर विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा के युवराज सिंह ने 17 हजार से अधिक मतों से सपा को करारी शिकस्त दी है। बसपा के नौशाद अली तीसरे नंबर पर और कांग्रेस के पहले की तरह फिर से चौथे नंबर पर है। कुल 34 चरणों की मतगणना हुई जिसमें भाजपा ने शुरु से ही बढ़त बनाए रखी। भाजपा के युवराज सिंह को कुल 74168 वोट मिले वहीं सपा के मनोज कुमार प्रजापति को 56397 वोट मिले हैं।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा विधानसभा सीट उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी 2778 मतों से आगे
छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस की देवती कर्मा को जीत मिली है। इस सीट पर देवती कर्मा का सीधा मुकाबला भाजपा की प्रत्याशी ओजस्वी मंडावी से था। भाजपा विधायक भीमा मंडावी की हत्या के चलते यह सीट खाली हो गई थी। भाजपा ने दिवंगत विधायक की पत्नी ओजस्वी को मैदान में उतारा था।
छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। विधायक मंडावी की मृत्यु के बाद से यह सीट रिक्त है। इस विधानसभा सीट के लिए इस महीने की 23 तारीख को मतदान हुआ था। जिसमें क्षेत्र के 60.59 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
केरल के पाला विधानसभा सीट उपचुनाव में एलडीएफ प्रत्याशी विजयी
सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ पाला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में विजयी रहा है। इससे पहले इस सीट पर कांग्रेस नीत विपक्षी यूडीएफ के उम्मीदवार का कब्जा था। एलडीएफ उम्मीदवार मणि सी कप्पेन ने यूडीएफ के जोस टॉम पुलिक्कुनेल को कड़े मुकाबले में हरा दिया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता कप्पेन ने केरल कांग्रेस (एम) के नेता पुलिक्कुनेल को 2,943 मतों से हरा दिया।
पाला सीट यूडीएफ का गढ़ रही है। पूर्व वित्त मंत्री एवं केरल कांग्रेस (एम) के नेता केएम मणि के अप्रैल में निधन के चलते यहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी। मणि ने पांच दशक तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद यह जीत एलडीएफ के लिए एक बड़ी राहत है।
त्रिपुरा के बाधरघाट विधानसभा सीट उपचुनाव में भाजपा आगे
त्रिपुरा की बाधरघाट विधानसभा सीट पर भाजपा की मिनी मजूमदार को जीत मिली है। बाधरघाट सीट भाजपा के विधायक रहे दिलीप सरकार के निधन के कारण खाली हो गई थी। इस सीट पर कुल 79 फीसदी लोगों ने वोट डाला था।